गाडरवारा महाविद्यालय में सिकल सेल एनीमिया स्क्रीनिंग पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम के अंतर्गत हुआ आयोजन

गाडरवारा।स्थानीय शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में मध्य प्रदेश शासन उच्च शिक्षा विभाग भोपाल के निर्देशानुसार सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम के अंतर्गत सिकल सेल एनीमिया स्क्रीनिंग पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम प्राचार्य डॉ. पी. एस. कौरव के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
प्राचार्य ने दी स्क्रीनिंग की आवश्यकता पर जोर
अपने उद्बोधन में प्राचार्य डॉ. कौरव ने सिकल सेल एनीमिया जैसी गंभीर बीमारी की रोकथाम के लिए नियमित स्क्रीनिंग की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे इस विषय पर समाज को जागरूक करने में सहयोग दें।
मुख्य वक्ता ने दी वैज्ञानिक जानकारी
मुख्य वक्ता डॉ. प्रदीप कुमार सिंह ने विस्तार से बताया कि सिकल सेल एनीमिया में किस प्रकार लाल रक्त कणिकाएं सामान्य आकार से बदलकर अर्धचंद्राकार (सिकल शेप्ड) हो जाती हैं। इसके कारण रक्त वाहिकाओं में ऑक्सीजन की कमी होती है, जिससे शरीर के अंगों के कामकाज पर असर पड़ता है। उन्होंने बताया कि यह बीमारी आनुवंशिक रूप से एक पीढ़ी से दूसरी पीढ़ी तक हस्तांतरित होती है और डीएनए की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।
अंधविश्वास छोड़ जागरूक होने का आह्वान
इस अवसर पर डॉ. जवाहर शुक्ला ने कहा कि सिकल सेल एनीमिया जैसी बीमारी को लेकर समाज में फैली रूढ़िवादिता और टोना-टोटका जैसे अंधविश्वासों को खत्म करना होगा। उन्होंने वैज्ञानिक दृष्टिकोण अपनाने और जागरूकता फैलाने की आवश्यकता पर बल दिया।
अन्य वक्ताओं की सहभागिता
कार्यक्रम में डॉ. दर्शन सिंह और डॉ. सुनील शर्मा ने भी अपने विचार व्यक्त किए। संचालन डॉ. शिवानी स्वामी ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन गृह विज्ञान विभाग की अध्यक्ष डॉ. शारदा भिंडे ने किया।
गरिमामयी उपस्थिति
कार्यक्रम में महाविद्यालय के अधिकारीगण डॉ. कमलेश डेहरिया, डॉ. सोनिका सहाय, डॉ. टीकाराम, प्रियराज यादव सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।