कांग्रेसियों ने फूंका स्मार्ट मीटर, बोले – उपभोक्ताओं की निजी जानकारी विदेश भेजी जा रही

जबलपुर, 4 सितंबर 2025
स्मार्ट मीटर योजना को लेकर जबलपुर में विरोध तेज हो गया है। कांग्रेस ने इस परियोजना पर गंभीर सवाल उठाते हुए इसे भ्रष्टाचार और राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा बताया।
शहर कांग्रेस अध्यक्ष सौरभ नाटी शर्मा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने मध्य प्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के अधिक्षेपक अभियंता कार्यालय का घेराव किया। प्रदर्शनकारियों ने गुस्से में एक स्मार्ट मीटर को तोड़कर जलाया और चेतावनी दी कि जब तक उनके सवालों का जवाब नहीं मिलेगा, मीटर लगाने का काम रोकना होगा।
विधायक लखन घनघोरिया और शहर कांग्रेस अध्यक्ष सौरभ नाटी शर्मा ने इस योजना को “अधिकारियों और ठेकेदारों की जेब भरने का साधन” बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि उपभोक्ताओं की संवेदनशील जानकारी जैसे बैंक खाता, आधार और पैन कार्ड ऐसी कंपनियों को दी जा रही है जिनके निदेशक पाकिस्तान मूल के हैं। इसे उन्होंने देश की गोपनीयता और सुरक्षा के लिए सीधा खतरा करार दिया।
Also Read-भाई की तलाश में दो बहनें – 3 हजार से ज्यादा पोस्टर लगाए, डेढ़ महीने से लापता है उज्जवल
कांग्रेस जिला अध्यक्ष सौरभ नाटी शर्मा ने बिजली विभाग से पाँच बड़े सवाल उठाए:
- उपभोक्ताओं का निजी डेटा विदेश क्यों भेजा गया?
- क्या जनता की सुरक्षा के साथ समझौता किया गया है?
- बिना DPIIT प्रमाणपत्र के ठेका क्यों दिया गया?
- पाकिस्तानी संबंध वाली कंपनियों को जिम्मेदारी क्यों सौंपी गई?
- क्या यह राष्ट्रीय सुरक्षा से खिलवाड़ नहीं है?
कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि ठोस जवाब नहीं मिला, तो आंदोलन और उग्र होगा।