करवाचौथ पर पति की हैवानियतः पत्नी को घसीटकर रस्सी से बांधा, डंडे से पीटा — पूरे शरीर पर पड़े निशान
नरसिंहपुर जिले के चीचली थाना क्षेत्र में करवाचौथ पर व्रत खोलने पहुंची गाडरवारा निवासी दीपा कौरव को पति और ससुरालवालों ने बेरहमी से पीटा। पीड़िता गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती।

गाडरवारा /नरसिंहपुर। मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर जिले में करवाचौथ के दिन एक महिला को ससुराल में बर्बरता का शिकार होना पड़ा। व्रत खोलने ससुराल पहुंची पत्नी को पति और ससुरालवालों ने घसीटकर पीटा, रस्सी से बांध दिया और डंडे से मारते रहे। महिला का पूरा शरीर जख्मी हो गया। उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह दर्दनाक घटना चीचली थाना क्षेत्र की है।
लव मैरिज के बाद बदली जिंदगी
गाडरवारा निवासी दीपा कौरव ने 21 मई 2024 को सत्यम से गायत्री मंदिर में लव मैरिज की थी। उसी दिन दोनों ने शादी को रजिस्टर्ड भी कराया था। शादी के शुरुआती महीने सबकुछ ठीक रहा, लेकिन फिर पति और ससुरालवालों ने उसे प्रताड़ित करना शुरू कर दिया।

पिता की मौत के बाद बढ़ी प्रताड़ना
पीड़िता ने बताया कि पिता की मौत के बाद ससुरालवालों ने उस पर पिता की संपत्ति का आधा हिस्सा अपने नाम कराने का दबाव बनाया। जब उसने मना किया तो मारपीट और मानसिक उत्पीड़न शुरू हो गया। दीपा छह महीने तक मायके में रही।
करवाचौथ पर व्रत खोलने गई तो हुआ हमला
दीपा की मां चाहती थीं कि बेटी का घर बस जाए, इसलिए उन्होंने करवाचौथ के मौके पर 10 अक्टूबर की शाम उसे ससुराल भेज दिया। रात करीब 7 बजे जब दीपा ससुराल पहुंची तो ससुरालवालों ने गालियां देनी शुरू कर दीं और फिर उस पर हमला कर दिया। पति ने पहले डंडे से पीटा, फिर बाकी परिवारजन भी मारपीट में शामिल हो गए।
पुलिस ने की जीरो एफआईआर
गाडरवारा थाना प्रभारी विक्रम रजक ने बताया कि घटना चीचली थाना क्षेत्र की है। पीड़िता की शिकायत पर जीरो एफआईआर दर्ज कर ली गई है, मामला संबंधित थाने को सौंपा जा रहा है।







