ग्राम पचामा की बेटी पूजा श्रीवास्तव फिर बनी अधिकारी, MPPSC 2023 में हासिल की बड़ी सफलता
पहले भी कोषालय अधिकारी बनी थीं, अब सहकारिता अधिकारी के पद पर चयन — क्षेत्र में खुशी की लहर

संवाददाता अवधेश चौकसे
सालीचौका (नरसिंहपुर)। मेहनत, लगन और आत्मविश्वास से सफलता की नई ऊँचाइयाँ छूने वाली ग्राम पचामा की बेटी पूजा श्रीवास्तव ने एक बार फिर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। पूजा का चयन मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग (MPPSC) 2023 में सहकारिता अधिकारी (Cooperation Officer) पद पर हुआ है।
पहले भी रहीं सफल — MPPSC 2021 में बनी थीं कोषालय अधिकारी
यह पूजा श्रीवास्तव की दूसरी बड़ी सफलता है। इससे पहले उन्होंने MPPSC 2021 परीक्षा में कोषालय अधिकारी (Treasury Officer) पद पर चयन प्राप्त किया था। पूजा ने कहा कि यह उपलब्धि उन्होंने निरंतर परिश्रम, आत्मविश्वास और परिवार के सहयोग से हासिल की है।
परिवार बना प्रेरणा का स्त्रोत
पूजा के पिता श्री अशोक श्रीवास्तव, जो कि ग्राम पंचायत सचिव के पद पर कार्यरत हैं, ने हमेशा अपनी बेटी को आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया। पूजा का कहना है कि उनके माता-पिता का आशीर्वाद ही उनकी सबसे बड़ी शक्ति रहा।
शिक्षा और प्रारंभिक सफर
पूजा की प्रारंभिक शिक्षा ग्राम पचामा और सालीचौका में हुई। उच्च शिक्षा उन्होंने होम साइंस कॉलेज, जबलपुर से पूरी की। PSC परीक्षा देने से पहले पूजा पटवारी के रूप में भी कार्यरत थीं, जिससे उन्हें सरकारी कार्यप्रणाली का अनुभव मिला।
क्षेत्र में खुशी की लहर
पूजा श्रीवास्तव की इस शानदार सफलता से पूरे क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है। ग्राम पचामा और गाडरवारा क्षेत्र की यह बेटी अब अन्य युवतियों के लिए प्रेरणा बन गई है। लोगों का कहना है कि उनकी सफलता यह संदेश देती है —
“यदि मन में लक्ष्य और साथ में परिवार का सहयोग हो, तो कोई भी सपना अधूरा नहीं रहता।”
स्थानीय लोगों की प्रतिक्रियाएँ
ग्रामवासियों और रिश्तेदारों ने पूजा की सफलता पर बधाई देते हुए कहा कि वह क्षेत्र की गौरव हैं। उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ दी जा रही हैं।







