नरसिंहपुर में शातिर चोर गिरफ्तार: चोरी के बाद भड़काऊ पर्ची छोड़ सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की साजिश
नरसिंहपुर पुलिस ने शातिर चोर अखिलेश सिंह को गिरफ्तार किया। आरोपी चोरी के बाद घटनास्थल पर भड़काऊ नोट छोड़कर सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करता था। 10 पुराने मामले दर्ज।

नरसिंहपुर, 20 फरवरी 2026। नरसिंहपुर पुलिस ने चोरी के बाद सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने के उद्देश्य से भड़काऊ लेख/नोट छोड़ने वाले शातिर चोर अखिलेश सिंह को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर पूर्व से 10 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार, आरोपी चोरी की वारदात के बाद जानबूझकर घटनास्थल पर आपत्तिजनक पर्ची छोड़ देता था, ताकि लोगों और पुलिस को गुमराह किया जा सके।
करेली में ऑटो पार्ट्स दुकान में चोरी
दिनांक 17 जनवरी 2026 को हनुमान वार्ड, करेली निवासी प्रमोद साहू ने थाना करेली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 16 जनवरी की रात दुकान बंद कर घर जाने के बाद 17 जनवरी को दुकान खोलने पर ताला टूटा मिला। काउंटर की दराज से करीब ₹4,000 नकद और एक मोबाइल फोन गायब था।
दुकान की दराज में एक पर्ची भी मिली, जिसमें सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाले शब्द लिखे थे।
विशेष टीम का गठन
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीना के संज्ञान में मामला लाया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संदीप भूरिया के मार्गदर्शन और एसडीओपी मनोज गुप्ता के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपी की पहचान की गई।
छतरपुर जेल से लिया अभिरक्षा में
जांच के दौरान पता चला कि आरोपी अखिलेश सिंह वर्तमान में जिले में एक अन्य मामले में जेल में निरुद्ध है। पुलिस टीम ने छतरपुर पहुंचकर उसे विधिवत अभिरक्षा में लिया और न्यायालय से रिमांड प्राप्त कर पूछताछ शुरू की।
गिरफ्तार आरोपी अखिलेश सिंह दमोह निवासी है।
कई जिलों में कर चुका है वारदात
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह वर्ष 2018 से चोरी की घटनाएं कर रहा है। उसने छतरपुर, पन्ना, दमोह और जबलपुर जिलों में लगभग 8 स्थानों पर चोरी करना कबूल किया है। हर घटना के बाद वह भड़काऊ लेख/नोट छोड़ देता था, ताकि सामाजिक सौहार्द बिगड़े और जांच भटक जाए।
आरोपी पर चोरी सहित अन्य धाराओं में कुल 10 प्रकरण दर्ज हैं।
कानूनी कार्रवाई जारी
प्रकरण में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331, 305 (ए) और 317 के अंतर्गत मामला पंजीबद्ध किया गया है। पुलिस द्वारा आगे की जांच जारी है।
आरोपी की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी करेली, निरीक्षक रत्नाकर हिंगवे, उनि रामरतन सोनी, कुलदीप सोमकुंवर, आरक्षक राजेश बागरी, कपिल राजपूत, अजय ठाकुर, सोनू सतारे, आरक्षका पुष्पेन्द्र सेन एवं सायबर सेल प्रधान आरक्षक देवेन्द्र सिंह, महिला आरक्षक कुमुद की मुख्य भूमिका रही है।







