आरती-अजान एक साथ होने पर बवाल: दुर्गा मंदिर क्षेत्र में पथराव और मारपीट, 15 से अधिक हिरासत में
जबलपुर जिले के सिहोरा में आरती और अजान एक साथ होने पर विवाद हिंसक झड़प में बदला। दुर्गा मंदिर क्षेत्र में पथराव और मारपीट, 15 से अधिक लोग हिरासत में, प्रशासन ने संभाला मोर्चा।

जबलपुर। जबलपुर जिले की सिहोरा तहसील के आजाद चौक, वार्ड नंबर-5 स्थित दुर्गा मंदिर क्षेत्र में गुरुवार रात करीब 9 बजे आरती और अजान एक साथ होने के दौरान उपजा विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। 50 से 70 लोगों की भीड़ द्वारा पथराव और मारपीट की घटना सामने आई है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 15 से अधिक लोगों को हिरासत में लिया है।
घटना की सूचना मिलते ही डीआईजी अतुल सिंह, कलेक्टर राघवेंद्र सिंह और एसपी संपत उपाध्याय मौके पर पहुंचे। हालात को काबू में करने के लिए सिहोरा, खितौला, गोसलपुर, पनागर सहित 12 से अधिक थानों का पुलिस बल तैनात किया गया। रातभर क्षेत्र में गश्त जारी रही।
आरती-अजान एक साथ होने से बढ़ा तनाव
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि मंदिर में आरती और मस्जिद में अजान एक ही समय पर चल रही थी। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते मारपीट और पथराव में बदल गई।
मंदिर समिति सदस्य से मारपीट का आरोप
दुर्गा मंदिर समिति के सदस्य अंकेश गुप्ता ने आरोप लगाया कि मस्जिद की ओर से 50-70 युवकों की भीड़ बाहर आई और मंदिर के सामने गाली-गलौज करने लगी। विरोध करने पर कुछ लोग मंदिर में घुसने का प्रयास करने लगे। आरोप है कि उन्हें मंदिर परिसर से घसीटकर बाहर निकाला गया और मारपीट की गई।
निर्माण सामग्री से पथराव
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मस्जिद परिसर में इन दिनों निर्माण कार्य चल रहा है, जिसके चलते वहां पत्थर और मलबा रखा हुआ था। विवाद के दौरान इन्हीं पत्थरों का उपयोग कर पथराव किया गया। करीब 20-25 मिनट तक चले पथराव में मंदिर के कांच टूट गए और कई लोग घायल हुए। बहोरीबंद विधायक के भाई प्रांजल पांडे को भी पत्थर लगने की जानकारी सामने आई है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
एसपी संपत उपाध्याय ने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, जिससे आरोपियों की पहचान की जा सके। प्रशासन ने इलाके में फ्लैग मार्च कर शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है।
फिलहाल क्षेत्र में स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है। अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर प्रशासन सतर्कता बरत रहा है। पुलिस का कहना है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।







