नर्मदा नदी में डूबने से दो युवकों की मौत, बरमान घाट पर नहाने गए थे चार दोस्त
नरसिंहपुर के बरमान घाट पर नर्मदा नदी में नहाने गए दो युवकों की डूबने से मौत हो गई। दोनों अपने दोस्तों के साथ नदी में स्नान करने पहुंचे थे। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की।

नरसिंहपुर। जिले के प्रसिद्ध बरमान घाट पर बुधवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां में स्नान करने गए दो युवकों की डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद शहर के सिंधी कॉलोनी और स्टेशन गंज क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई।
दोस्तों के साथ नहाने गए थे युवक
प्राप्त जानकारी के अनुसार सिंधी कॉलोनी कृष्णा वार्ड निवासी संभव हरियानी (24) पिता कैलाश हरियानी और सौरभ चावला (25) पिता अनिल चावला ‘अन्नू’ अपने दो अन्य दोस्तों के साथ बरमान रेत घाट पर नर्मदा नदी में स्नान करने पहुंचे थे।
बताया जा रहा है कि नहाते समय दोनों युवक अचानक नदी के गहरे हिस्से में चले गए और देखते ही देखते पानी में डूबने लगे।
नाविकों ने बचाने की कोशिश की
घटना के समय घाट पर मौजूद नाविकों और स्थानीय लोगों ने युवकों को बचाने का भरसक प्रयास किया। काफी देर तक तलाश और प्रयास के बाद दोनों को बाहर निकाला गया और तत्काल अस्पताल ले जाया गया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
दोनों युवकों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर मिलते ही परिजन और बड़ी संख्या में लोग अस्पताल पहुंच गए।
पूरे शहर में शोक का माहौल
इस हृदयविदारक घटना के बाद सिंधी कॉलोनी सहित पूरे नरसिंहपुर शहर में शोक का माहौल बन गया है। दोनों युवक अपने परिवार और मित्रों के बीच काफी लोकप्रिय बताए जाते थे।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। साथ ही प्रशासन ने लोगों से नदी में स्नान करते समय सावधानी बरतने की अपील की है।







