दो पत्नियां, तीसरी के साथ लिव-इन… प्यार बना हैवानियत, रिटायर्ड रेलकर्मी पर गर्लफ्रेंड की हत्या कर शव जलाने का सनसनीखेज आरोप
झांसी में रिटायर्ड रेलकर्मी पर लिव-इन पार्टनर की हत्या कर शव को बक्से में जलाने और राख नदी में बहाने का आरोप, बेटा हिरासत में, आरोपी फरार।

झांसी। प्यार, भरोसा और रिश्तों की आड़ में छिपी यह कहानी इतनी खौफनाक है कि जिसने भी सुनी, वह सिहर उठा। झांसी में एक रिटायर्ड रेलकर्मी पर अपनी लिव-इन पार्टनर की बेरहमी से हत्या, शव को जलाने और सबूत मिटाने का सनसनीखेज आरोप सामने आया है। आरोप है कि हत्या के बाद शव को नीले बक्से में बंद कर जलाया गया और फिर उसकी राख नदी में बहा दी गई। इस जघन्य वारदात में आरोपी के बेटे की संलिप्तता भी सामने आई है।
लोडर चालक की सतर्कता से खुला खौफनाक राज
मामले का पर्दाफाश उस वक्त हुआ, जब लोडर चालक जयपाल को एक बक्से को लेकर गहरा शक हुआ। उसने तत्काल पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी कि जिस बक्से को वह पहुंचाने आया है, उसमें कुछ संदिग्ध हो सकता है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हुई और शहर कोतवाली क्षेत्र में गीता (राम सिंह की पत्नी) के घर पहुंचकर बक्सा बरामद किया।
बक्सा खुलते ही पुलिस भी रह गई सन्न
जब पुलिस ने बक्सा खुलवाया तो अंदर का मंजर देखकर हर कोई सन्न रह गया। बक्से के भीतर से जली हुई हड्डियों के अवशेष और कोयले जैसी सामग्री मिली। इसके बाद मौके पर फोरेंसिक टीम को बुलाया गया, जिसने साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में ये अवशेष मानव शरीर के प्रतीत हो रहे हैं।
तीन रिश्ते, एक खौफनाक अंजाम
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी राम सिंह रेलवे से सेवानिवृत्त कर्मचारी है। उसकी दूसरी पत्नी गीता झांसी में रहती है, जबकि पहली पत्नी सीपरी बाजार थाना क्षेत्र में निवास करती है। इसके अलावा राम सिंह का तीसरी महिला प्रीति के साथ लंबे समय से लिव-इन रिलेशनशिप चल रहा था।
पैसों के विवाद ने लिया हत्या का रूप
जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि प्रीति लगातार राम सिंह से पैसों की मांग कर रही थी और अब तक उससे लाखों रुपये ले चुकी थी। इसी विवाद से परेशान होकर आरोपी ने कथित तौर पर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को बक्से में डालकर जला दिया गया और सबूत मिटाने के इरादे से उसकी राख नदी में बहा दी गई।
पत्नी के बयान से मजबूत हुआ शक
इस पूरे मामले को लेकर एसपी प्रीति सिंह ने बताया कि लोडर चालक की सतर्कता के चलते यह सनसनीखेज हत्याकांड सामने आ सका। जिस घर से बक्सा बरामद हुआ, वहां मौजूद गीता ने पूछताछ में बताया कि उसके पति राम सिंह ने खुद उसे तीसरी महिला की हत्या की बात बताई थी।
मुख्य आरोपी फरार, बेटे समेत दो हिरासत में
पुलिस ने इस मामले में आरोपी के बेटे नितिन समेत दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं मुख्य आरोपी राम सिंह फरार है, जिसकी तलाश के लिए तीन विशेष पुलिस टीमें गठित की गई हैं। पुलिस का दावा है कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।







