सुपौल में दो युवतियों ने रचाई समलैंगिक शादी, मंदिर में लिए सात फेरे, वीडियो हुआ वायरल
Bihar News: सुपौल के त्रिवेणीगंज में दो युवतियों ने मंदिर में समलैंगिक शादी की, इंस्टाग्राम से शुरू हुआ प्यार, पूजा बनी दूल्हा, काजल दुल्हन, वीडियो वायरल।

सुपौल (बिहार)। कहते हैं प्यार जब होता है तो समाज की बंदिशें भी मायने नहीं रखतीं। बिहार के सुपौल जिले से ऐसा ही एक अजब-गजब प्रेम प्रसंग सामने आया है, जिसने पूरे इलाके में चर्चा का माहौल बना दिया है। सुपौल के त्रिवेणीगंज में एक मॉल में काम करने वाली दो युवतियों ने आपसी सहमति से समलैंगिक विवाह कर लिया। दोनों युवतियों का कहना है कि उन्हें लड़कों में कोई दिलचस्पी नहीं है और वे जीवनभर एक-दूसरे के साथ रहना चाहती हैं।
इंस्टाग्राम से शुरू हुई दोस्ती, प्यार में बदली कहानी
जानकारी के अनुसार, दोनों युवतियों की मुलाकात करीब दो साल पहले इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी। धीरे-धीरे बातचीत बढ़ी और दोस्ती प्यार में बदल गई। इसके बाद दोनों ने साथ रहने और शादी करने का फैसला किया।
मेला ग्राउंड के मंदिर में रचाई शादी
बताया जा रहा है कि मंगलवार, 23 दिसंबर 2025 की देर रात दोनों युवतियां त्रिवेणीगंज के मेला ग्राउंड स्थित मंदिर पहुंचीं, जहां सादगी से विवाह की रस्म पूरी की गई।
शादी के दौरान दोनों ने गैस चूल्हे के चारों ओर सात फेरे लिए। उस समय मंदिर परिसर में गिने-चुने लोग ही मौजूद थे, इसलिए यह मामला तत्काल सामने नहीं आ सका।
किराए के कमरे में साथ रहती थीं दोनों

सूत्रों के मुताबिक, दोनों युवतियां पिछले दो महीनों से त्रिवेणीगंज के वार्ड नंबर 18 में एक किराए के कमरे में साथ रह रही थीं।
बुधवार (24 दिसंबर 2025) की सुबह जब वे शादी के बाद अपने कमरे पर लौटीं, तो इसकी जानकारी मोहल्ले में फैल गई। देखते ही देखते लोगों की भीड़ जुट गई और मामला चर्चा का विषय बन गया।
पूजा बनी दूल्हा, काजल बनी दुल्हन
नवविवाहित युवतियों की पहचान
- पूजा गुप्ता (21 वर्ष) – निवासी मुरलीगंज गोशाला चौक, वार्ड 8, जिला मधेपुरा
- काजल कुमारी (18 वर्ष) – निवासी मौरा बघला, वार्ड 1, शंकरपुर थाना क्षेत्र
के रूप में हुई है।
इस विवाह में पूजा गुप्ता ने दूल्हे की भूमिका निभाई, जबकि काजल कुमारी दुल्हन बनीं।
“लड़कों में कोई रुचि नहीं” – नवविवाहित युवतियां
दोनों युवतियों ने साफ कहा है कि उन्हें लड़कों में कोई दिलचस्पी नहीं है। उनका रिश्ता भावनात्मक जुड़ाव और आपसी समझ पर आधारित है। उन्होंने समाज की परवाह किए बिना अपने फैसले पर कायम रहने की बात कही है।
वीडियो वायरल, इलाके में हलचल
शादी के बाद दोनों युवतियों ने अपनी शादी का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया, जो तेजी से वायरल हो गया।
वीडियो वायरल होने के बाद यह मामला न केवल त्रिवेणीगंज बल्कि पूरे सुपौल जिले और आसपास के क्षेत्रों में चर्चा का विषय बन गया है। स्थानीय लोगों की राय इस मामले को लेकर बंटी हुई नजर आ रही है।







