क्राइममध्य प्रदेश

ढाई साल का प्यार बना मौत की वजह: गर्लफ्रेंड की गला रेतकर हत्या, शादी कहीं और तय होने से बौखलाया आरोपी

ग्वालियर। ग्वालियर से प्रेम संबंधों को शर्मसार कर देने वाली एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। ढाई साल तक चले प्रेम संबंध का अंत खून-खराबे में हुआ, जब एक युवक ने अपनी प्रेमिका की बेरहमी से गला रेतकर और सिर कुचलकर हत्या कर दी। वजह सिर्फ इतनी थी कि युवती की शादी कहीं और तय हो गई थी और उसने आरोपी से बातचीत बंद कर दी थी।

घर में घुसकर दिया वारदात को अंजाम

यह सनसनीखेज घटना 20 जनवरी की दोपहर करीब 1:45 बजे गिरवाई थाना क्षेत्र के छोटे बाबा की पहाड़ी इलाके में हुई। आरोपी समीर कुशवाह अपनी प्रेमिका निशा कुशवाह (21) के घर पहुंचा। उस समय निशा घर में अकेली थी। समीर बाउंड्री वॉल फांदकर घर में घुसा और निशा से जबरन शादी करने का दबाव बनाने लगा।

निशा ने साफ शब्दों में कह दिया कि उसकी शादी तय हो चुकी है और वह अब कोई रिश्ता नहीं रखना चाहती। इसी बात पर आरोपी आपे से बाहर हो गया।

हंसिए से गला रेता, फिर पत्थर से सिर कुचला

गुस्से में समीर ने पास पड़े हंसिए से निशा के गले पर दो बार वार किए। जब निशा खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़ी और तड़पने लगी, तब भी आरोपी नहीं रुका। उसने पत्थर उठाकर उसके सिर पर कई वार किए। बताया जा रहा है कि वह तब तक वहीं खड़ा रहा, जब तक निशा की सांसें पूरी तरह थम नहीं गईं। इसके बाद वह बाइक से मौके से फरार हो गया।

दोस्ती से शुरू हुआ रिश्ता, प्यार में बदली पहचान

पुलिस जांच में सामने आया है कि निशा और समीर बचपन से पड़ोसी थे। करीब ढाई साल पहले दोनों की दोस्ती प्यार में बदल गई। दोनों ने साथ जीने-मरने की कसमें भी खाईं।
लेकिन समीर के बेरोजगार होने के कारण निशा के परिजन इस रिश्ते के खिलाफ थे और उन्होंने उसकी शादी किसी और से तय कर दी। निशा की शादी 20 अप्रैल को तय थी।

शादी तुड़वाने की कोशिश, दी थी जान से मारने की धमकी

शादी रुकवाने के लिए आरोपी ने मोहल्ले में बदनामी फैलाने की कोशिश की। उसने निशा के मंगेतर को फोन कर उनके अफेयर की जानकारी दी और यहां तक धमकी दी कि अगर बारात आई तो गोली मार देगा। इसके बावजूद जब शादी नहीं टूटी तो उसने खौफनाक रास्ता चुन लिया।

मोबाइल भाई को देकर भागा, 2 दिन में गिरफ्तारी

हत्या के बाद समीर ने अपना मोबाइल फोन भाई को देकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की और फरार हो गया। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और घेराबंदी के जरिए उसे 22 जनवरी की रात गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।

पुलिस का बयान

सीएसपी मनीष यादव ने बताया कि आरोपी अपनी प्रेमिका की शादी कहीं और तय होने और बातचीत से इनकार करने से नाराज था। इसी गुस्से में उसने यह जघन्य हत्या की। आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!