इटारसी: कॉलोनी के रास्ते पर आवारा पशुओं से बढ़ी परेशानी, राहगीरों को हो रही दिक्कत, प्रशासन मौन
इटारसी के जमानी रोड स्थित वर्मा कॉलोनी, गोकुलधाम, वृंदावन विहार और कैलाश विहार कॉलोनी के मुख्य मार्ग पर आवारा पशुओं से लोगों को भारी परेशानी। कॉलोनीवासियों ने नगरपालिका से कार्रवाई की मांग की।

संवाददाता सनी लालवानी
इटारसी।
शहर के जमानी रोड क्षेत्र की कॉलोनियों में आवारा पशुओं के कारण लोगों को लगातार परेशानी झेलनी पड़ रही है। वर्मा कॉलोनी, गोकुलधाम कॉलोनी, वृंदावन विहार कॉलोनी तथा कैलाश विहार कॉलोनी को जोड़ने वाले मुख्य मार्ग पर आए दिन गाय, बैल, सांड और कुत्तों का जमावड़ा देखने को मिलता है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि यहां निवासरत एक महिला (मेडम) द्वारा इन आवारा जानवरों को भोजन, बिस्किट और अंडे खिलाए जाते हैं। वे अपने घर का गेट बंद कर लेती हैं, लेकिन ये जानवर पूरे दिन उनके घर के सामने और सड़क पर खड़े रहते हैं, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी दिक्कत होती है।
कई बार हुई दुर्घटनाएं
कॉलोनीवासियों के अनुसार, इस अव्यवस्था के चलते कई बार वाहन चालक दुर्घटनाओं का शिकार हो चुके हैं। लोगों ने कई बार संबंधित महिला को समझाने की कोशिश की, लेकिन हर बार उन्होंने डायल 112 पर पुलिस को बुला लिया।
प्रशासन से की गई शिकायत
स्थानीय निवासियों ने इस समस्या के समाधान के लिए विधायक महोदय, CMO और वार्ड क्रमांक 2 के पार्षद व उपाध्यक्ष से भी संपर्क किया, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है।
कॉलोनीवासियों का कहना है —
“अगर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो किसी बड़ी दुर्घटना का इंतजार करना पड़ेगा। नगरपालिका प्रशासन को चाहिए कि इस समस्या का जल्द समाधान करे।”
स्थानीय लोगों की मांग
कॉलोनीवासियों ने नगर पालिका प्रशासन से अनुरोध किया है कि इस मामले में विधि अनुसार उचित कार्रवाई कर मार्ग को पुनः सुरक्षित बनाया जाए ताकि लोगों को राहत मिल सके।







