दर्दनाक हादसा: धान से भरी खड़ी ट्रॉली से टकराई छात्रों की स्कूटी, 9वीं के तीन छात्रों की मौके पर मौत
सोहागपुर के करणपुर के पास धान से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली से टकराई स्कूटी, कक्षा 9वीं के तीन छात्रों की मौके पर मौत, आमदेही गांव में मातम।

संवाददाता राकेश पटेल इक्का
सोहागपुर (नर्मदापुरम)।
नर्मदापुरम जिले के सोहागपुर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम करणपुर के पास शनिवार रात एक हृदय विदारक सड़क हादसा हो गया। धान से भरी खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली से एक स्कूटी टकरा गई, जिसमें सवार कक्षा 9वीं के तीन छात्रों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
मृतक छात्र ग्राम आमदेही के निवासी
हादसे में जान गंवाने वाले छात्रों की पहचान
- अश्विन पिता ललित रघुवंशी
- शिव पिता रामेश्वर रघुवंशी
- मनुराज पिता प्रवीण रघुवंशी
के रूप में हुई है। तीनों छात्र ग्राम आमदेही के निवासी थे, जिनमें अश्विन और शिव चचेरे भाई बताए जा रहे हैं।
तीनों छात्र सोहागपुर स्थित सेंट पेट्रिक स्कूल में कक्षा 9वीं में अध्ययनरत थे और रोजाना लगभग 5 किलोमीटर दूर गांव से सोहागपुर पढ़ने आते-जाते थे।
कोचिंग से लौटते समय हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार रात करीब 8:30 बजे तीनों छात्र कोचिंग से घर लौट रहे थे। इसी दौरान करणपुर चौधरी पेट्रोल पंप के पास उनकी ओला स्कूटी धान से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी सवार तीनों नाबालिगों की मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन मौके पर
हादसे की जानकारी मिलते ही सोहागपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों शवों को शासकीय अस्पताल भिजवाया गया। अस्पताल में बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन पहुंच गए।
मौके पर
- तहसीलदार नीरू जैन,
- सोहागपुर थाना प्रभारी उषा मरावी,
- जनपद पंचायत उपाध्यक्ष राघवेंद्र रघुवंशी,
सहित पुलिस बल मौजूद रहा। फिलहाल तीनों शवों को मॉर्चुरी में रखवाया गया है, जिनका रविवार को पोस्टमॉर्टम किया जाएगा।
एक हफ्ते में ट्रॉली से टकराने की दूसरी बड़ी घटना
सोहागपुर क्षेत्र में हफ्ते भर के भीतर ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराने की यह दूसरी बड़ी घटना है। इससे पहले शोभापुरा के पास एक कार धान से भरी ट्रॉली से टकरा गई थी, जिसमें कार सवार युवक फंस गए थे और कड़ी मशक्कत के बाद उन्हें बाहर निकाला गया था।
रेडियम और लाइट न होने से बढ़ रहा खतरा
इन दिनों क्षेत्र में बड़ी संख्या में धान परिवहन के लिए ट्रैक्टर-ट्रॉलियां सड़कों पर चल रही हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि
- ट्रॉलियों के पीछे रेडियम नहीं लगे हैं,
- पर्याप्त लाइट की व्यवस्था भी नहीं है,
जिससे रात के समय हादसों का खतरा लगातार बढ़ रहा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से ट्रॉलियों में रेडियम और लाइट अनिवार्य करने तथा रात में सख्त निगरानी की मांग की है।








