राजस्थान

दर्दनाक हादसा: ईयरफोन लगाकर रेलवे ट्रैक पार कर रहे युवक-युवती मालगाड़ी की चपेट में आए, दोनों की मौके पर मौत

सीकर। राजस्थान के सीकर जिले में सोमवार तड़के एक दिल दहला देने वाला दर्दनाक हादसा हो गया, जहां ईयरफोन लगाकर रेलवे ट्रैक पार कर रहे युवक और युवती तेज रफ्तार मालगाड़ी की चपेट में आ गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक का सिर धड़ से अलग हो गया और दोनों के शव कई मीटर तक ट्रैक पर बिखर गए। सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को एसके अस्पताल की मोर्चरी में भेजा।

रात 2 से 3 बजे के बीच हुआ हादसा

हादसा जगमालपुरा फाटक के पास देर रात करीब 2 से 3 बजे के बीच हुआ। मृतकों की पहचान इस प्रकार हुई—

  • सुनील कुमार (20), निवासी उदिनसर
  • अनीशा (18), निवासी ताजसर

दोनों सीकर से चूरू की ओर जा रही मालगाड़ी की चपेट में आए। लोको पायलट ने तत्काल रेलवे कंट्रोल और पुलिस को सूचना दी।

ईयरफोन लगा रखा था दोनों ने

परिजनों और प्रारंभिक जांच में सामने आया कि युवक-युवती ने ईयरफोन लगा रखे थे, जिसकी वजह से वे ट्रैक पर आती हुई ट्रेन को सुन नहीं पाए और हादसा हो गया।

घर का इकलौता बेटा था सुनील, परिवार में मचा कोहराम

सुनील के चचेरे भाई विकास ने बताया कि सुनील सीकर के एक प्राइवेट कोचिंग सेंटर में रिकॉर्ड मेंटेनेंस का काम करता था। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया। परिजनों ने अस्पताल पहुंचकर शवों की पहचान की। यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका कि रात के समय दोनों रेलवे ट्रैक पर क्यों और कैसे पहुंचे।

परिजनों ने दर्ज कराई रिपोर्ट, पुलिस सभी एंगल से जांच में जुटी

परिजनों ने बताया कि दोनों ट्रैक से गुजर रहे थे तभी अचानक ट्रेन की चपेट में आ गए। पुलिस प्रेम प्रसंग, आत्महत्या की आशंका या हादसा—हर पहलू से जांच कर रही है।
रेलवे और पुलिस टीम ने घटना स्थल का निरीक्षण भी किया।

रिश्तेदार थे दोनों, पुलिस का आधिकारिक बयान अभी नहीं

स्थानीय सूत्रों और परिजनों के अनुसार, दोनों आपस में रिश्तेदार थे। हालांकि पुलिस ने इस संबंध में अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है, जिसके बाद उन्हें परिजनों के सुपुर्द किया जाएगा।

 

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!