सालीचौका महाविद्यालय भूमि अतिक्रमण मुक्त, निर्माण का रास्ता साफ

अवधेश चौकसे | सालीचौका, नरसिंहपुर।
सरकारी महाविद्यालय सालीचौका के निर्माण के लिए आवंटित भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया। ग्राम सहावन (जनकपुर) स्थित खसरा क्रमांक 193/1/1 और 193/1/2 की भूमि से शुक्रवार को प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए अतिक्रमण हटवाया। इस कार्रवाई के दौरान भारी प्रशासनिक अमला और स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
प्रशासनिक टीम रही मौजूद
अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई में—
- तहसीलदार नितिन राय
- आरआई श्री चित्तौड़िया
- पटवारी गजेंद्र वर्मा एवं श्री उपाध्याय
- ग्राम कोटवार
सहित अन्य राजस्व कर्मचारी मौजूद थे।
वहीं, नगर परिषद सालीचौका के पार्षद एवं कार्यवाहक अध्यक्ष जितेंद्र राय, पूर्व पार्षद श्रीराम नारायण बड़कुर, विधायक प्रतिनिधि पराग तिवारी, और महाविद्यालय की प्रभारी प्राचार्य श्रीमति शिल्पी पटेल भी स्थल पर उपस्थित रहे।
पार्षद जितेंद्र राय की वर्षो पुरानी मांग हुई पूरी
सालीचौका में महाविद्यालय की मांग लंबे समय से उठती रही है। मीडिया में वर्षों से प्रकाशित खबरों और क्षेत्रीय जनमानस की अपेक्षाओं को देखते हुए, पार्षद एवं भाजपा युवा नेता जितेंद्र राय ने गाडरवारा आगमन के दौरान तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के सामने विद्यार्थियों के हित में कॉलेज की आवश्यकता को मजबूती से रखा था।
उन्होंने क्षेत्र में बारहवीं कक्षा के बाद छात्रों को होने वाली समस्याओं का उल्लेख करते हुए विनम्रता से “झोली फैलाकर मांग” रखी थी, जिसके बाद मुख्यमंत्री ने सालीचौका में महाविद्यालय स्वीकृत करने की घोषणा की थी।
घोषणा के बाद महाविद्यालय स्वीकृत हुआ और पिछले तीन वर्षों में “कॉलेज चलो अभियान” के चलते छात्र-छात्राओं की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई। हालांकि, भवन निर्माण के लिए भूमि उपलब्ध न होने से कॉलेज अस्थाई रूप से संचालित हो रहा था। अब भूमि अतिक्रमण मुक्त होने के साथ ही कॉलेज भवन निर्माण का मार्ग प्रशस्त हो गया है।
स्थानीयों में खुशी, निर्माण कार्य जल्द शुरू होने की उम्मीद
अतिक्रमण हटने के बाद स्थानीय नागरिकों और छात्रों में खुशी का माहौल है। क्षेत्रीय लोगों का मानना है कि कॉलेज भवन बनने से न सिर्फ शिक्षा के अवसर बढ़ेंगे बल्कि आसपास के गांवों के विद्यार्थियों को भी काफी राहत मिलेगी।







