क्राइममध्य प्रदेश

घर छोड़कर जिस प्रेमी संग रहने गई युवती, वह निकला शादीशुदा, 9 दिन लिव-इन के बाद खुला राज, शादी का झांसा देकर दुष्कर्म का केस दर्ज

खंडवा। खंडवा जिले में शादी का झांसा देकर दुष्कर्म का एक गंभीर मामला सामने आया है। एक 28 वर्षीय युवती ने आरोप लगाया है कि जिस युवक के भरोसे उसने घर छोड़ा, वह पहले से शादीशुदा था और उसने अपनी पत्नी व बच्चे की सच्चाई छिपाकर उससे शारीरिक संबंध बनाए।

आदिवासी बहुल गांव की युवती से किया धोखा

मामला छैगांवमाखन थाना क्षेत्र के देशगांव चौकी अंतर्गत एक आदिवासी बहुल गांव का है। पीड़िता के अनुसार उसकी पहचान बुरहानपुर जिले के खकनार निवासी लवलेश महाजन से हुई थी। आरोपी ने खुद को अविवाहित बताते हुए शादी का वादा किया और इसी भरोसे में युवती उसके साथ चली गई।

9 दिन लिव-इन में रही युवती

पीड़िता ने बताया कि वह 7 दिसंबर को घर से निकलकर आरोपी के साथ बुरहानपुर पहुंची, जहां वह उसके घर में 9 दिनों तक लिव-इन रिलेशनशिप में रही।
17 दिसंबर को जब आरोपी की पत्नी अपने बच्चे के साथ मायके से वापस लौटी, तब युवती को पता चला कि लवलेश पहले से शादीशुदा है और उसका एक बेटा भी है।

दूसरी शादी से किया इनकार

सच्चाई सामने आने पर युवती ने विरोध किया, लेकिन आरोपी ने पत्नी और बच्चे को छोड़कर दूसरी शादी करने से साफ इनकार कर दिया। इसके बाद आरोपी ने युवती को खंडवा जाने वाली बस में बैठाकर वापस भेज दिया।

थाने पहुंचकर दर्ज कराई शिकायत

घर लौटने के बाद युवती ने परिजनों को पूरी घटना बताई और थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी खुद को प्राइवेट बैंक में नौकरी करने वाला बताता था, जबकि वह केवल बैंक एजेंट है।

दुष्कर्म की धाराओं में एफआईआर

पुलिस ने युवती की शिकायत पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म की धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली है।
पुलिस के अनुसार आज कोर्ट में पीड़िता के बयान दर्ज किए जाएंगे, जबकि आरोपी की गिरफ्तारी अभी बाकी है और उसकी तलाश की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच गंभीरता से की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।

 

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!