सगाई के दिन ही बुझ गया घर का चिराग, खुशियों का इंतज़ार कर रहे परिजनों पर टूटा दुखों का पहाड़
सड़क हादसे में 27 वर्षीय राहुल गजवीय का निधन

किरनापुर (बालाघाट)।
जिस दिन घर में सगाई की शहनाइयाँ गूंजनी थीं, उसी दिन एक दर्दनाक सड़क हादसे ने सारी खुशियाँ छीन लीं। मध्यप्रदेश के बालाघाट जिले की किरनापुर तहसील मुख्यालय से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जहाँ एक भीषण वाहन दुर्घटना में 27 वर्षीय राहुल गजवीय का असमय निधन हो गया।
सरल, मिलनसार और कर्तव्यनिष्ठ स्वभाव के राहुल गजवीय, पिता पी.डी. गजवीय एवं माता स्वर्गीय रेखा गजवीय के ज्येष्ठ पुत्र थे। वे नरसिंहपुर जिले के गाडरवाड़ा में स्टोनोग्राफर के पद पर कार्यरत थे। परिजनों के अनुसार आज ही उनके सगाई का कार्यक्रम निर्धारित था, जिसके लिए वे अवकाश लेकर अपने गृह नगर किरनापुर लौट रहे थे।
सिवनी–बरघाट मार्ग पर हुआ दर्दनाक हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, राहुल गजवीय रात्रि में अपनी दोपहिया वाहन से अकेले किरनापुर की ओर रवाना हुए थे। इसी दौरान सिवनी–बरघाट मार्ग पर रात लगभग 8 बजे उनकी बाइक की किसी अज्ञात कार से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि राहुल की मौके पर ही मृत्यु हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
दो माह पहले मां का निधन, अब बेटे की असमय मौत
इस हृदयविदारक घटना ने परिजनों को पूरी तरह तोड़कर रख दिया है। उल्लेखनीय है कि महज दो माह पूर्व, 2 नवंबर को राहुल की मां रेखा गजवीय का बीमारी के चलते निधन हो गया था। मां के निधन का गम अभी परिवार उबर भी नहीं पाया था कि अब बेटे की आकस्मिक मौत ने परिवार को गहरे शोक में डुबो दिया।
नगर और परिजनों में शोक की लहर
राहुल की मौत की खबर जैसे ही किरनापुर पहुँची, पूरे नगर में शोक की लहर दौड़ गई। सगाई की तैयारियों में जुटा परिवार अब गमगीन माहौल में डूब गया है। परिजन, रिश्तेदार और नगरवासी इस घटना से स्तब्ध हैं।
संवेदनाएँ और श्रद्धांजलि
राहुल गजवीय के असमय निधन पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं आम नागरिकों ने गहरी संवेदना व्यक्त की है और ईश्वर से दिवंगत आत्मा को शांति तथा शोकाकुल परिवार को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है।







