सोशल मीडिया से हुई मृतक की पहचान: पत्नी का इलाज कराने आया युवक मिला मृत, हाथ में लिखा था ‘रोशनी’
जबलपुर के पास गांव पौंडी में मिला शव, पोस्टमार्टम में पिटाई से मौत की पुष्टि

जबलपुर।
जबलपुर से करीब 35 किलोमीटर दूर ग्राम पौंडी में मिले अज्ञात युवक के शव की पहचान आखिरकार सोशल मीडिया की मदद से हो गई है। मृतक की पहचान अजय बरया (26 वर्ष) के रूप में हुई है, जो जिला मंडला के ग्राम बम्हनी का निवासी था। अजय अपनी गर्भवती पत्नी का इलाज कराने जबलपुर मेडिकल कॉलेज आया था, लेकिन अगले ही दिन वह रहस्यमय तरीके से लापता हो गया था।
हाथ में लिखा ‘रोशनी’ बना पहचान की कड़ी
शहपुरा थाना प्रभारी प्रवीण कुमार के अनुसार, ग्रामीणों ने पौंडी गांव के पास एक युवक का अर्धनग्न शव पड़े होने की सूचना पुलिस को दी थी। मौके पर पहुंची पुलिस को मृतक के हाथ पर टैटू के रूप में ‘रोशनी’ नाम लिखा मिला। आसपास के क्षेत्र में पहचान न होने पर पुलिस ने मृतक की तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल की और शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा।
सोमवार को वायरल फोटो देखने के बाद मृतक के परिजन शहपुरा थाने पहुंचे और उसकी पहचान अजय बरया के रूप में की।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में चौंकाने वाला खुलासा
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आया है कि अजय की बेरहमी से पिटाई की गई थी। शरीर पर गंभीर अंदरूनी चोटों के निशान मिले हैं और इन्हीं चोटों के कारण उसकी मौत हुई। पुलिस ने इसे संदिग्ध हत्या मानते हुए जांच तेज कर दी है।
पत्नी के इलाज के लिए आया था जबलपुर
परिजनों ने पुलिस को बताया कि अजय की ससुराल सिवनी जिले के घंसौर में है। उसकी पत्नी रोशनी गर्भवती थी और डिलीवरी के लिए मायके आई हुई थी। तबीयत बिगड़ने पर पहले उसे लखनादौन, फिर जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।
अजय 18 दिसंबर को मंडला से जबलपुर पहुंचा था और गुरुवार दोपहर से शुक्रवार दोपहर तक मेडिकल कॉलेज परिसर में ही मौजूद रहा।
अचानक लापता हुआ युवक
शुक्रवार शाम अजय अचानक गायब हो गया। पत्नी रोशनी ने परिजनों को फोन कर उसके लापता होने की जानकारी दी थी। पति-पत्नी के बीच पहले से विवाद की बात सामने आने के कारण परिजनों को लगा कि अजय बिना बताए वापस मंडला लौट गया होगा। लेकिन कुछ ही दिनों बाद उसकी मौत की खबर ने परिवार को तोड़ कर रख दिया।
हत्या की आशंका, जांच जारी
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर हत्या के एंगल से जांच शुरू कर दी है। अजय आखिरी बार किसके संपर्क में था, मेडिकल कॉलेज से वह कहां गया और उसकी पिटाई किसने की—इन सभी बिंदुओं पर पुलिस गहन पड़ताल कर रही है।







