चौरसिया समाज की बढ़ी नाराजगी: संगठन और निगम-मंडल में प्रतिनिधित्व की मांग को लेकर भाजपा प्रदेश कार्यालय पहुंचे प्रतिनिधि
प्रदेश भाजपा कार्यालय पहुंचकर सौंपा ज्ञापन, समाज की उपेक्षा पर जताई नाराजगी

संवाददाता अवधेश चौकसे
नरसिंहपुर।
मां नर्मदा अंचल क्षेत्र नरसिंहपुर सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों में निवासरत चौरसिया समाज के प्रतिनिधियों ने एक बार फिर संगठन और सत्ता में उचित भागीदारी की मांग को लेकर राजधानी भोपाल स्थित भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय का रुख किया।
अखिल भारतीय आदर्श चौरसिया महासभा के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष जीवेश चौरसिया ने प्रदेश उपाध्यक्ष संतोष चौरसिया (चीचली) सहित अन्य पदाधिकारियों के साथ विशेष जनसुनवाई में समाज की पीड़ा रखी। ज्ञापन के माध्यम से प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव तक समाज की मांगें पहुंचाई गईं।
समाज की उपेक्षा पर नाराजगी, निगम-मंडल में भागीदारी की मांग
समाज प्रतिनिधियों का कहना है कि मध्य प्रदेश में चौरसिया समाज अन्य पिछड़ा वर्ग की प्रमुख जातियों में शामिल है और वर्षों से भाजपा का समर्थक रहा है। इसके बावजूद निगम, आयोग और मंडलों में समाज को अपेक्षित प्रतिनिधित्व नहीं मिला।
ज्ञापन में मांग की गई कि आगामी नियुक्तियों में चौरसिया समाज को प्राथमिकता दी जाए। साथ ही पान विकास निगम के गठन तथा उसमें अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और 12 सदस्यीय समिति में समाज के प्रतिनिधियों को शामिल करने का आग्रह भी किया गया।
जनसुनवाई में कैबिनेट मंत्री से चर्चा
प्रदेश भाजपा कार्यालय में आयोजित विशेष जनसुनवाई के दौरान ऊर्जा विभाग के कैबिनेट मंत्री राकेश शुक्ला उपस्थित रहे। समाज की ओर से उन्हें ज्ञापन सौंपकर मुख्यमंत्री तक बात पहुंचाने का आग्रह किया गया।
इसके अलावा प्रदेश कार्यालय मंत्री श्याम महाजन से सौजन्य भेंट कर समाज की उपेक्षा का मुद्दा दोहराया गया। प्रतिनिधियों ने स्पष्ट कहा कि “राजनीतिक उपयोग के बजाय सत्ता और संगठन में वास्तविक भागीदारी दी जाए।”
मोर्चा प्रकोष्ठों में भी दी दस्तक
चौरसिया समाज के प्रतिनिधियों ने भाजपा के पिछड़ा वर्ग मोर्चा, महिला मोर्चा, किसान मोर्चा और युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्षों के नाम भी पत्र सौंपा। किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष श्री चावडा से सौजन्य चर्चा कर समाज को संगठन विस्तार में शामिल करने की मांग की गई।
प्रदेश महामंत्री राहुल कोठारी से भी सामाजिक विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई। उन्होंने समाज के प्रतिनिधियों को आश्वस्त किया कि संगठन स्तर पर सकारात्मक पहल की जाएगी।
प्रतिनिधिमंडल में ये रहे शामिल
इस दौरान जीवेश चौरसिया, संतोष चौरसिया (पूर्व सांसद प्रतिनिधि), मोहित चौरसिया (पूर्व प्रदेश महामंत्री, चौरसिया समाज), राजेश चौरसिया (पूर्व अध्यक्ष, चौरसिया सम्मेलन समिति), भागवत चौरसिया (संगठन मंत्री) सहित विभिन्न जिलों के समाजजन उपस्थित रहे।
समाज के नेताओं ने उम्मीद जताई कि इस बार निगम-आयोग और संगठन विस्तार में चौरसिया समाज को उचित प्रतिनिधित्व मिलेगा, जिससे समाज में व्याप्त नाराजगी दूर हो सकेगी।







