TET मामला: राज्य शिक्षक संघ मध्यप्रदेश ने सुप्रीम कोर्ट में दायर की पुनर्विचार याचिका
शिक्षा जगत में हलचल, शिक्षकों को बड़ी राहत की उम्मीद

भोपाल/नई दिल्ली। शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) मामले को लेकर राज्य शिक्षक संघ मध्यप्रदेश ने बड़ा कदम उठाते हुए सुप्रीम कोर्ट में पुनर्विचार याचिका (Review Petition) दायर कर दी है। संघ के इस कदम से प्रदेश भर के शिक्षकों में नई उम्मीद जगी है।
वरिष्ठ अधिवक्ताओं से चर्चा के बाद दायर हुई याचिका
प्रांताध्यक्ष जगदीश यादव के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने सुप्रीम कोर्ट पहुंचकर वरिष्ठ अधिवक्ताओं से विस्तृत चर्चा की। इसके बाद सभी आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करते हुए राज्य शिक्षक संघ मध्यप्रदेश के नाम से पुनर्विचार याचिका दायर करने की प्रक्रिया पूरी की गई।
शिक्षकों को सुप्रीम कोर्ट जाने की जरूरत नहीं: संघ
प्रांताध्यक्ष जगदीश यादव ने कहा कि शिक्षक पात्रता परीक्षा को लेकर बनी असमंजस की स्थिति में अब शिक्षकों को व्यक्तिगत रूप से सुप्रीम कोर्ट जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।
उन्होंने स्पष्ट किया कि संघ इस मामले में कानूनी लड़ाई मजबूती से लड़ेगा और शिक्षकों के हितों की रक्षा के लिए हर संभव प्रयास करेगा।
शासन स्तर पर भी जारी है संवाद
संघ द्वारा यह भी बताया गया कि इस मुद्दे पर शासन स्तर पर लगातार संवाद बना हुआ है। साथ ही प्रदेश भर में विधायकों और सांसदों के माध्यम से भी इस विषय को प्रमुखता से उठाया गया है।
प्रतिनिधिमंडल में ये रहे शामिल
इस दौरान प्रतिनिधिमंडल में नगेंद्र त्रिपाठी, नरेंद्र त्रिपाठी, राजेश एलिया, गजेंद्र बछले, गिरीश द्विवेदी, आनंद त्रिवेदी, सत्येंद्र सिंह गौर, शैलेन्द्र श्रीवास्तव एवं अनिल पटेल प्रमुख रूप से मौजूद रहे।
क्या है पूरा मामला?
शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) को लेकर सुप्रीम कोर्ट के निर्णय के बाद प्रदेश में कई शिक्षकों के सामने अनिश्चितता की स्थिति बन गई है। इसी को लेकर राज्य शिक्षक संघ लगातार प्रयास कर रहा है ताकि शिक्षकों को राहत मिल सके।







