एकता की दौड़ में दौड़ा सोहागपुर लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर रन फॉर यूनिटी का भव्य आयोजन

संवाददाता राकेश पटेल इक्का
सोहागपुर
राष्ट्रीय एकता के प्रतीक, लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर थाना सोहागपुर में शुक्रवार को “रन फॉर यूनिटी मैराथन” का आयोजन अद्भुत उत्साह और देशभक्ति के माहौल में संपन्न हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत सरदार पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर की गई। इसके बाद उपस्थित जनसमूह ने राष्ट्रीय एकता की शपथ ली और ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के उद्घोष के साथ मैराथन दौड़ का शुभारंभ हुआ।
थाना परिसर से प्रारंभ हुई यह प्रेरणादायी दौड़ बीएसएनएल एक्सचेंज कार्यालय तक पहुंची और वहां से पुनः थाना परिसर तक लौटी। दौड़ में न केवल पुलिस विभाग, बल्कि राजस्व विभाग, नगर परिषद सोहागपुर के अधिकारी-कर्मचारी और स्कूल-कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने भी उत्साहपूर्वक भाग लेकर एकता और अनुशासन का अद्भुत उदाहरण प्रस्तुत किया।
दौड़ समाप्ति के बाद युवा प्रतिभागियों ने पूरे जोश के साथ रस्साकशी प्रतियोगिता में भाग लिया, जिसने पूरे माहौल को उत्साह और उमंग से भर दिया।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से एसडीएम प्रियंका भल्लावी, एसडीओ (पुलिस) संजू चौहान, नगर पालिका सीएमओ धर्मेंद्र शर्मा, तहसीलदार रामकिशोर झरबड़े, खेल शिक्षिका चंदा मिश्रा, थाना प्रभारी निरीक्षक उषा मरावी, चौकी प्रभारी सेमरी आकाशदीप, चौकी प्रभारी शोभापुर सुरेश चौहान, सहायक उप निरीक्षक गणेश राय, प्रधान आरक्षक नरेंद्र पटेल सहित कई अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
एसडीएम प्रियंका भल्लावी ने कहा, “सरदार पटेल का जीवन हमें एकता, अनुशासन और देशप्रेम का संदेश देता है। आज की यह दौड़ उसी भावना को जीवंत करती है।”
वहीं थाना प्रभारी उषा मरावी ने कहा कि “यह केवल एक दौड़ नहीं, बल्कि समाज को एक सूत्र में बांधने का संदेश है।”
‘रन फॉर यूनिटी’ कार्यक्रम ने सोहागपुर में एकता, सहयोग और सकारात्मक ऊर्जा का ऐसा संगम रचा, जो आने वाले दिनों में युवा पीढ़ी को प्रेरित करता रहेगा।







