Sohagpur News: तेज रफ्तार वाहनों पर लगाम, पुलिस ने बनाए जिग-जैग (Z) पॉइंट, यातायात नियम तोड़ने पर 32 चालान
शोभापुर, सेमरी और सोहागपुर में जिग-जैग (Z) पॉइंट बनाए गए

संवाददाता राकेश पटेल इक्का
सोहागपुर। वरिष्ठ अधिकारियों के दिशा-निर्देश पर सोहागपुर पुलिस ने यातायात जागरूकता अभियान शुरू किया है। अभियान के तहत तेज गति से चलने वाले दोपहिया और चारपहिया वाहनों पर नियंत्रण के लिए शहर और आसपास के प्रमुख स्थानों शोभापुर, सेमरी और सोहागपुर में जिग-जैग (Z) पॉइंट बनाए गए हैं।
दुर्घटनाओं पर लगेगी रोक
पिछले कुछ दिनों से तेज रफ्तार के कारण सड़क दुर्घटनाओं में बढ़ोतरी हुई है। पुलिस का मानना है कि जिग-जैग पॉइंट के जरिए वाहन चालकों को गति कम करने और सावधानी से चलने के लिए मजबूर किया जाएगा।

अपराधियों और संदिग्ध वाहनों की होगी चेकिंग
पुलिस ने बताया कि इन Z-पॉइंट्स का उपयोग न केवल गति पर रोक लगाने के लिए होगा बल्कि संदिग्ध वाहनों और अपराधियों की चेकिंग के लिए भी किया जाएगा।
गौवंश की समस्या पर भी ध्यान
सड़कों पर गौवंश के बैठने से यातायात प्रभावित होता है और कई बार दुर्घटनाएँ भी होती हैं। पुलिस ने बताया कि इस समस्या से निपटने के लिए नगर परिषद और ग्राम पंचायतों को पत्राचार कर गौवंश के उचित रखरखाव की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। साथ ही, सभी गौवंश स्वामियों से अपील की गई है कि वे अपने-अपने पशुओं को खुले में न छोड़ें।
यातायात नियम उल्लंघन पर कार्रवाई
सोहागपुर थाना क्षेत्र में रोजाना मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है।
- आज की कार्रवाई में 32 प्रकरण दर्ज किए गए।
- पुलिस ने इन मामलों में 10,200 रुपये समन शुल्क वसूला।
पुलिस की अपील
पुलिस ने कहा है कि यातायात नियमों का पालन करना सभी की जिम्मेदारी है। वाहन चालकों को गति सीमा का पालन, हेलमेट और सीट बेल्ट का उपयोग जरूर करना चाहिए ताकि दुर्घटनाओं को रोका जा सके।







