साईखेड़ा में गोवंश के बछड़े का सिर कटा शव मिलने से आक्रोश, दोषियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर सामाजिक संगठनों ने सौंपा ज्ञापन
नरसिंहपुर के साईखेड़ा में गोवंश के बछड़े का सिर कटा शव मिलने से आक्रोश। सामाजिक संगठनों ने थाना व SDOP को ज्ञापन सौंपकर सख्त कार्रवाई की मांग की।

साईखेड़ा (नरसिंहपुर)।
नगर परिषद साईखेड़ा के वार्ड क्रमांक-8 विवेकानंद वार्ड में 15 दिसंबर की रात गोवंश के एक बछड़े का सिर कटा शव मिलने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना को लेकर स्थानीय नागरिकों एवं सामाजिक संगठनों में गहरा आक्रोश देखा जा रहा है। लोगों ने इस घटना को गंभीर, निंदनीय और धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाला बताते हुए निष्पक्ष जांच एवं कठोर कार्रवाई की मांग की है।
थाना साईखेड़ा में सौंपा गया ज्ञापन
घटना के विरोध में श्री हरि शरणम् सेवा संस्थान के संस्थापक पं. अनुराग भार्ग के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने थाना साईखेड़ा पहुंचकर थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा गया कि सनातन संस्कृति में गौ माता को सर्वोच्च स्थान प्राप्त है, और इस प्रकार की घटनाएं न केवल धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाती हैं, बल्कि सामाजिक सौहार्द को भी प्रभावित करती हैं।
करणी सेना सहित अन्य हिंदू संगठनों ने भी उठाई आवाज
इसी क्रम में करणी सेना परिवार एवं अन्य हिंदू संगठनों ने भी एसडीओपी को ज्ञापन सौंपते हुए घटना पर गहरी नाराजगी जताई। संगठनों ने प्रशासन से सवाल किया कि अब तक दोषियों की पहचान और गिरफ्तारी क्यों नहीं हो सकी है।
पुलिस गश्त बढ़ाने और ठोस कदम उठाने की मांग
ज्ञापन में मांग की गई कि—
- क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाई जाए
- शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ किया जाए
- नगर परिषद द्वारा मृत पशुओं को उठाने के लिए जिम्मेदार अधिकारी नियुक्त किए जाएं
- आमजन की सुविधा के लिए टोल-फ्री नंबर जारी किया जाए
- मुख्यमंत्री के निर्देशों के बावजूद खुले में मांस विक्रय की शिकायतों पर तत्काल सख्त कार्रवाई की जाए
उग्र आंदोलन की चेतावनी
सामाजिक संगठनों ने प्रशासन को स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही दोषियों पर कठोर कार्रवाई नहीं की गई, तो वे उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। साथ ही, भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी एवं स्थायी कदम उठाने की मांग की गई।







