नरसिंहपुर में गणतंत्र दिवस पर ध्वजारोहण करेंगे स्कूल शिक्षा मंत्री राव उदय प्रताप सिंह
नरसिंहपुर में 26 जनवरी 2026 को गणतंत्र दिवस पर स्कूल शिक्षा मंत्री राव उदय प्रताप सिंह करेंगे ध्वजारोहण, जिला प्रशासन ने पूरी की तैयारियां।

संवाददाता पूजा मालवीय
नरसिंहपुर।
भारत के 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर 26 जनवरी 2026 को जिला मुख्यालय नरसिंहपुर में आयोजित होने वाले मुख्य गणतंत्र दिवस समारोह में राष्ट्रीय ध्वज फहराने का दायित्व मध्यप्रदेश शासन के स्कूल शिक्षा एवं परिवहन मंत्री श्री राव उदय प्रताप सिंह को सौंपा गया है।
मध्यप्रदेश शासन के सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार गणतंत्र दिवस समारोह के लिए जिलेवार मुख्य अतिथियों की सूची निर्धारित की गई है। इसी क्रम में नरसिंहपुर जिले के मुख्य समारोह में माननीय मंत्री श्री राव उदय प्रताप सिंह बतौर मुख्य अतिथि शामिल होकर ध्वजारोहण करेंगे।
भव्य कार्यक्रम की तैयारियां पूरी
गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान परेड की सलामी, देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। साथ ही उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सम्मानित भी किया जाएगा।
जिला प्रशासन द्वारा समारोह को सफल एवं गरिमामय बनाने हेतु सभी आवश्यक तैयारियाँ पूर्ण कर ली गई हैं।
गणतंत्र दिवस के अवसर पर जिले में उत्साह और देशभक्ति का माहौल देखने को मिलेगा, जहां आमजन की बड़ी सहभागिता रहने की उम्मीद है।







