बिहार चुनाव परिणाम पर स्कूली शिक्षा मंत्री राव उदय प्रताप सिंह ने जताई खुशी, एनडीए की जीत को बताया जनविश्वास का प्रमाण
मंत्री सिंह बोले— प्रधानमंत्री मोदी की जनकल्याणकारी नीतियों पर जनता का भरोसा, बिहार के जनादेश ने फिर साबित किया भाजपा की स्वीकार्यता।

गाडरवारा। मध्य प्रदेश के स्कूली शिक्षा एवं परिवहन कैबिनेट मंत्री और गाडरवारा क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक राव उदय प्रताप सिंह ने बिहार विधानसभा चुनाव के परिणाम पर गहरी प्रसन्नता व्यक्त की है। एनडीए गठबंधन की जीत पर बधाई देते हुए उन्होंने कहा कि यह परिणाम देश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनकल्याणकारी नीतियों पर जनता के विश्वास की जीत है।
मंत्री सिंह ने कहा कि “केंद्र सरकार की योजनाओं ने समाज की दिशा और दशा दोनों बदली है। अंतिम पंक्ति में बैठे व्यक्ति तक विकास की मुख्यधारा पहुँच चुका है, जिसका असर चुनाव परिणामों में स्पष्ट दिखता है।”
उन्होंने कहा कि भाजपा और उसके गठबंधन सरकारों ने जिस पारदर्शिता और प्रतिबद्धता के साथ जनहित में कार्य किया है, उसके कारण जनता का भरोसा लगातार मजबूत हुआ है। बिहार की जनता ने अपने जनादेश से यह साबित कर दिया है कि देश के विकास के लिए भाजपा ही विश्वसनीय विकल्प है।
बिहार की जनता का धन्यवाद करते हुए उन्होंने कहा कि यह जनादेश पूरे भारत के लिए एक संदेश है कि भाजपा की नीतियां जनता को स्वीकार हैं और उस पर उन्होंने अपनी मुहर लगा दी है।
मध्य प्रदेश का जिक्र करते हुए मंत्री राव उदय प्रताप सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी जी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार सभी क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य कर रही है और इसी वजह से लोगों का विश्वास लगातार बढ़ रहा है।







