शासकीय विधि महाविद्यालय नर्मदापुरम के नवीन भवन में बसंत पंचमी पर हुआ सरस्वती पूजन
ग्राम बुधवाड़ा स्थित नए परिसर में शैक्षणिक गतिविधियों की विधिवत शुरुआत, विद्यार्थियों ने मां सरस्वती से की विद्या-बुद्धि की कामना

नर्मदापुरम। शासकीय विधि महाविद्यालय नर्मदापुरम के नवीन भवन (ग्राम बुधवाड़ा) में बसंत पंचमी के पावन अवसर पर विद्या की देवी माँ सरस्वती का विधिवत पूजन-अर्चन एवं वंदन कार्यक्रम श्रद्धा एवं उत्साह के साथ आयोजित किया गया।
उल्लेखनीय है कि महाविद्यालय के नवीन भवन का विगत दिवस माखननगर में प्रदेश के मुख्यमंत्री द्वारा वर्चुअल लोकार्पण किया गया था, जिसके उपरांत अब बुधवाड़ा स्थित नए परिसर में शैक्षणिक एवं प्रशासनिक कार्य विधिवत प्रारंभ हो चुके हैं।
बसंत पंचमी के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में महाविद्यालय के विद्यार्थियों, स्वयंसेवकों एवं स्टाफ सदस्यों ने मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष पूजा-अर्चना कर ज्ञान, विवेक, वाणी एवं सद्बुद्धि की कामना की।
प्राचार्य एवं विभागाध्यक्ष के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ कार्यक्रम
यह आयोजन महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. कल्पना भारद्वाज एवं विभागाध्यक्ष श्री शिवाकांत मौर्य के मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. महेंद्र कुमार पटेल सहित
डॉ. ओम शर्मा, डॉ. हरिप्रकाश मिश्र एवं अरूणिका जैन की गरिमामय उपस्थिति रही।
पूजन-अर्चन के माध्यम से विद्यार्थियों एवं स्वयंसेवकों ने शैक्षणिक उन्नति, संस्कारित जीवन एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम का समापन प्रसाद वितरण एवं सामूहिक शुभकामना संदेश के साथ हुआ।







