सलामतपुर BJP मंडल मीडिया प्रभारी पद से हटाए गए: चौकी प्रभारी से शराब की बोतल मांगने वाला ऑडियो वायरल
रायसेन के सलामतपुर BJP मंडल मीडिया प्रभारी हरिओम साहू को शराब की बोतल मांगने का ऑडियो वायरल होने पर पद से हटाया गया। भाजपा ने अनुशासनात्मक कार्रवाई की।

रायसेन। सलामतपुर भाजपा मंडल के मीडिया प्रभारी हरिओम साहू को पुलिस चौकी प्रभारी से शराब मांगने का ऑडियो वायरल होने के बाद पद से हटा दिया गया है। बुधवार को भारतीय जनता पार्टी की जिला एवं प्रदेश इकाई ने अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें तुरंत प्रभाव से उनके पद से मुक्त कर दिया।
जानकारी के अनुसार, यह घटना दीवानगंज पुलिस चौकी की है, जहां हरिओम साहू ने चौकी प्रभारी सुनील शर्मा से शराब की बोतल मांगने की बात कही थी। यह बातचीत का ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसके बाद पार्टी की छवि और अनुशासन को लेकर सवाल खड़े होने लगे।
मामले पर संज्ञान लेते हुए भाजपा जिला अनुशासन समिति ने सलामतपुर मंडल अध्यक्ष रितेश अग्रवाल और हरिओम साहू दोनों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा था। दोनों के लिखित जवाब के बाद मामला भाजपा जिलाध्यक्ष और प्रदेश कार्यालय को भेजा गया।
प्रदेश भाजपा के निर्देश मिलने के बाद मंडल अध्यक्ष रितेश अग्रवाल ने हरिओम साहू को मंडल मीडिया प्रभारी पद से हटाने का आदेश जारी किया। संगठन ने इस कृत्य को “निंदनीय और पार्टी विरोधी” बताया।
इस कार्रवाई की जानकारी मंडल अध्यक्ष द्वारा भाजपा जिलाध्यक्ष राकेश शर्मा, सांची विधायक डॉ. प्रभुराम चौधरी और जिला अनुशासन समिति संयोजक राकेश तोमर को भी भेजते हुए अवगत कराया गया है।







