रुद्र मैदान पर आयोजित हुआ आरएसएस युवा सम्मेलन, पंच परिवर्तन पर हुआ मंथन

गाडरवारा । स्थानीय रुद्र मैदान पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का युवा सम्मेलन आयोजित हुआ। सम्मेलन में चीचली , सालीचौका सांईखेड़ा, खंड से आए स्वयंसेवकों व युवाओं के साथ बड़ी संख्या में नागरिकों की उपस्थिति रही। यह सम्मेलन संघ के शताब्दी वर्ष कार्यक्रमों की श्रृंखला के अंतर्गत आयोजित किया गया।

कार्यक्रम के पहले युवाओं द्वारा भव्य वाहन रैली निकाली गई जो पलोटन गंज के वृंदावन गार्डन से होते हुए नगर के मुख्य मार्ग निकली ओर रूद्र मैदान में समापन हुआ ।
प्रथम सत्र में ध्वज प्रणाम के साथ शाखा लगाई गई। विभिन्न खंडों से आए स्वयंसेवकों ने शारीरिक व्यायाम एवं खेल गतिविधियों में सहभागिता कर अनुशासित जीवन और उत्तम स्वास्थ्य के महत्व को आत्मसात किया। द्वितीय सत्र में संघ द्वारा घोषित पंच परिवर्तन विषय पर सकारात्मक एवं विचारोत्तेजक चर्चा हुई। इसमें सामाजिक समरसता, कुटुंब प्रबोधन, पर्यावरण संरक्षण, नागरिक कर्तव्य, स्वदेशी जैसे विषयों पर विस्तार से विमर्श किया गया। साथ ही नशा मुक्ति को सामाजिक दायित्व के रूप में अपनाने का आह्वान किया गया।

तृतीय सत्र में मुख्य अतिथि एवं मुख्य वक्ताओं के उद्बोधन हुए। इस अवसर पर मुख्य अतिथि पूज्य गुरु जी पीतांबरा धाम आश्रम ककरा घाट ने आशीष वचन देते हुए कहा कि कहा कि भगवान राम ने सोने की लंका जीतने के बाद उसे विभीषण को सौंप दिया, क्योंकि उनके लिए जननी और जन्मभूमि सर्वोपरि थीं। युवा वह शक्ति है जो हर सकारात्मक परिवर्तन का आधार बन सकती है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे अपनी क्षमता, साहस और गुणों का उपयोग राष्ट्र की उन्नति एवं गौरव बढ़ाने में करें ।

मुख्य वक्ता प्रेम शंकर जी क्षेत्र प्रचारक ने अपने उद्बोधन में कहा कि संघ के सौ वर्षों की यात्रा का मूल उद्देश्य राष्ट्र के प्रति स्वाभिमान की भावना को जागृत करना है। उन्होंने डॉ. हेडगेवार के व्यक्तित्व और कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भारत पर हुए बाहरी आक्रमणों का मुख्य कारण हिंदु समाज में स्वाभिमान की कमी रही है। उन्होंने कहा कि जब युवाओं के मन में भारत माता के प्रति श्रद्धा जागेगी, तभी वे देश, समाज और राष्ट्र के लिए समर्पित भाव से कार्य करेंगे। युवाओं को चाहिए कि वे करियर और परिवार के साथ-साथ राष्ट्र के लिए भी चिंतन करें। स्वामी विवेकानंद से प्रेरणा लेकर युवाओं को भारत को पुनः विश्व गुरु बनाने का संकल्प लेना चाहिए ।युवा सम्मेलन में विभाग प्रचारक आनंद जी, जिला प्रचारक रवि दत्त जी जिला संघ चालक आदित्य मोहन जी, हरिप्रताप ममार की उपस्थिति रही ।

सम्मेलन के दौरान युवाओं ने राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया। रुद्र मैदान पर रंगोली सजाकर पंच परिवर्तन का संदेश दिया गया । अमर शहीद स्वर्गीय आशीष शर्मा को समर्पित करके एक प्रदर्शनी भी लगी जिसमें युवाओं को प्रेरणादायक स्लोगन एवं चित्र प्रदर्शित किए गए व उनका स्मरण किया गया ।
कार्यक्रम में उपस्थित संतों ने नशा मुक्ति एवं सामाजिक समरसता का सशक्त संदेश देकर उपस्थित जनसमूह को सामाजिक दायित्वों के प्रति जागरूक किया ।युवाओं ने अनेक खेल मैदान में खेल खेल नशा एवं कुरीतियों से दूर रहने का संकल्प लिया भव्य युवा सम्मेलन में हजारो युवा सम्मिलित हुए ।







