क्राइममध्य प्रदेश

जबलपुर कृषि विश्वविद्यालय में नौकरी का झांसा देकर दुष्कर्म

JNKVV का बाबू और प्यून गिरफ्तार, कैंपस में बुलाकर युवती से किया रेप

जबलपुर।
जबलपुर स्थित जवाहरलाल नेहरू कृषि विश्वविद्यालय (JNKVV) में नौकरी दिलाने के नाम पर 22 वर्षीय युवती से दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि विश्वविद्यालय में पदस्थ एक यूडीसी (बाबू) और एक प्यून ने संविदा नौकरी का झांसा देकर युवती को विश्वविद्यालय परिसर में बुलाया और बंद कमरे में उसके साथ दुष्कर्म किया।

पीड़िता की शिकायत पर आधारताल थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को उनके घर से गिरफ्तार कर लिया है। घटना के सामने आने के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन और शहर में हड़कंप मच गया है।

सोशल मीडिया से मिली नौकरी की जानकारी

तिलवारा क्षेत्र की रहने वाली 22 वर्षीय युवती को करीब 20 दिन पहले सोशल मीडिया के माध्यम से जानकारी मिली थी कि JNKVV में संविदा आधार पर नौकरी के लिए कुछ पद निकले हैं। जानकारी के बाद युवती ने विश्वविद्यालय से संपर्क करने का प्रयास किया और उसे कुलगुरु कार्यालय का टेलीफोन नंबर मिला।

जब युवती ने इस नंबर पर कॉल किया तो फोन यूडीसी दुर्गाशंकर सिंगरहा (58 वर्ष) ने उठाया। युवती द्वारा नौकरी की जानकारी पूछने पर आरोपी ने वैकेंसी होने की बात कहते हुए सभी दस्तावेज लेकर विश्वविद्यालय आने को कहा।

“मैं नौकरी लगवा सकता हूं” कहकर जीता भरोसा

अगले दिन युवती सभी दस्तावेज लेकर विश्वविद्यालय पहुंची, जहां उसकी मुलाकात दुर्गाशंकर से हुई। आरोपी ने आवेदन व दस्तावेज जमा कराते हुए भरोसा दिलाया कि वह कुलगुरु से बात कर उसकी नौकरी लगवा सकता है।

इसके बाद आरोपी ने एक-दो बार शहर में भी युवती से मुलाकात की और हर बार यही कहता रहा कि नौकरी की प्रक्रिया चल रही है और जल्द ही इंटरव्यू होने वाला है।

25 दिसंबर को कैंपस बुलाकर रची साजिश

पीड़िता के अनुसार 25 दिसंबर की दोपहर दुर्गाशंकर ने फोन कर उसे विश्वविद्यालय बुलाया और कहा कि इंटरव्यू को लेकर बात बन गई है। आरोपी की बातों में आकर युवती शाम को JNKVV कैंपस स्थित कृषि नगर कॉलोनी पहुंची।

यहां दुर्गाशंकर ने उसे फोन कर प्यून मुकेश सेन के घर बुलाया। युवती का आरोप है कि कुछ देर बातचीत के बाद मुकेश सेन बाहर निकल गया और कमरे का दरवाजा बंद कर दिया।

बंद कमरे में जबरन दुष्कर्म, फिर दी धमकी

पीड़िता ने पुलिस को बताया कि नौकरी दिलाने के नाम पर पहले उसे घर बुलाया गया और फिर बंद कमरे में जबरन दुष्कर्म किया गया।
युवती के अनुसार वह मदद के लिए चीखती-चिल्लाती रही, लेकिन आरोपी ने उसकी एक न सुनी।

घटना के बाद दोनों आरोपी युवती को विश्वविद्यालय परिसर से बाहर ले आए और धमकी दी कि अगर वह चुप रही तो नौकरी मिल जाएगी, अन्यथा उसे बदनाम कर दिया जाएगा।

हिम्मत जुटाकर थाने पहुंची पीड़िता, आरोपी गिरफ्तार

किसी तरह युवती घर पहुंची और परिजनों को पूरी घटना बताई। इसके बाद अगले दिन आधारताल थाना पहुंचकर उसने बाबू और प्यून के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए कुछ ही घंटों में दोनों आरोपियों को उनके घर से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस का बयान

एएसपी जितेंद्र सिंह ने बताया कि युवती के साथ नौकरी का झांसा देकर दुष्कर्म किया गया है। मुख्य आरोपी दुर्गाशंकर सिंगरहा है, जबकि प्यून मुकेश सेन ने उसका सहयोग किया। दोनों के खिलाफ दुष्कर्म की धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।

 

 

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!