गाडरवारा में 108 कुंडीय श्री लक्ष्मी नारायण महायज्ञ की तैयारियां जोरों पर
22 से 28 जनवरी तक भागवत कथा व राम कथा का होगा भव्य आयोजन

गाडरवारा। स्थानीय इंदिरा कॉलोनी, आज़ाद वार्ड में आगामी 22 जनवरी से 28 जनवरी तक 108 कुंडीय श्री लक्ष्मी नारायण महायज्ञ का भव्य आयोजन किया जा रहा है। इस महायज्ञ में चार वेद, 18 पुराण, भागवत कथा एवं राम कथा का दिव्य एवं भव्य आयोजन शामिल रहेगा।
इस पावन आयोजन में आचार्य श्री प्रदीप मणि जी (वृंदावन धाम) द्वारा श्रीमद्भागवत कथा का वाचन किया जाएगा, वहीं श्री जगतगुरु रामानंदाचार्य जी महाराज एवं श्री संत विपिन बिहारी जी महाराज द्वारा राम कथा का रसपान कराया जाएगा।
नगर में आयोजित हो रहे इस धार्मिक अनुष्ठान को लेकर यज्ञ समिति द्वारा तैयारियां जोरों पर की जा रही हैं। आयोजन स्थल को भव्य रूप देने के लिए समिति के सदस्य दिन-रात मेहनत कर व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटे हुए हैं।
महायज्ञ की भव्य शोभायात्रा 21 जनवरी को नगर में निकाली जाएगी, जो श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र रहेगी। यज्ञ समिति ने नगर एवं आसपास के क्षेत्र के श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की है।







