सालीचौका में नए कॉलेज भवन की तैयारी तेज: जनकपुर मौजा में हाउसिंग बोर्ड ने किया निरीक्षण, DPR प्रक्रिया शुरू
सालीचौका में नए शासकीय कॉलेज भवन के लिए जनकपुर मौजा में हाउसिंग बोर्ड ने निरीक्षण किया। डीपीआर प्रक्रिया शुरू, जल्द टेंडर प्रक्रिया शुरू होगी।

संवाददाता अवधेश चौकसे
सालीचौका (नरसिंहपुर)। सालीचौका क्षेत्र में लंबे समय से प्रतीक्षित शासकीय महाविद्यालय भवन निर्माण की दिशा में अब तेजी देखने को मिल रही है। शनिवार को जनकपुर मौजा (ग्राम सहावन क्षेत्र) में प्रस्तावित कॉलेज भवन की भूमि का निरीक्षण करने के लिए मध्य प्रदेश हाउसिंग बोर्ड जबलपुर की टीम मौके पर पहुंची।
जनकपुर मौजा में हुआ स्थल निरीक्षण
हाउसिंग बोर्ड के अधिकारियों ने प्रस्तावित स्थल का निरीक्षण कर कॉलेज भवन निर्माण की संभावनाओं का जायजा लिया। इसी के साथ ही डीपीआर (डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट) तैयार करने की प्रक्रिया का श्रीगणेश भी कर दिया गया है।
जल्द शुरू होगी टेंडर और फंडिंग प्रक्रिया
अधिकारियों के अनुसार, डीपीआर प्रक्रिया पूरी होते ही आगामी चरणों जैसे फंडिंग और टेंडर प्रक्रिया को भी जल्द शुरू किया जाएगा, जिससे कॉलेज भवन निर्माण का रास्ता साफ हो सके।
जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ भाजपा नेता जितेंद्र राय, विधायक प्रतिनिधि पराग तिवारी , मयंक लोधी, शासकीय महाविद्यालय सालीचौका के प्रभारी प्राचार्य डॉ दर्शन सिंह चौधरी एवं पटवारी गजेंद्र वर्मा उपस्थित रहे।
तीन साल पुरानी मांग को मिली गति
उल्लेखनीय है कि सालीचौका में महाविद्यालय की स्वीकृति करीब तीन वर्ष पहले ही मिल चुकी थी, लेकिन भवन निर्माण की प्रक्रिया लंबित थी। इस संबंध में विभिन्न संगठनों और जनप्रतिनिधियों द्वारा लगातार मांग उठाई जाती रही।
जनप्रतिनिधियों के प्रयासों का परिणाम
बताया जा रहा है कि स्थानीय जनप्रतिनिधियों के प्रयासों से यह परियोजना अब धरातल पर उतरती नजर आ रही है, जिससे क्षेत्र के विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं मिल सकेंगी।







