नोटों से भरा विमान हुआ क्रैश, 15 लोगों की मौत, हाईवे पर बिखरे नोट लूटने की मची होड़
बोलिविया की राजधानी ला पाज के पास वायुसेना का हरक्यूलिस विमान क्रैश हो गया। 15 लोगों की मौत, हाईवे पर बिखरे नोटों को लेकर मची अफरा-तफरी। पढ़ें पूरी रिपोर्ट।

ला पाज (बोलिविया)। दक्षिण अमेरिकी देश बोलिविया की राजधानी ला पाज के पास शुक्रवार को बड़ा विमान हादसा हो गया। एक मालवाहक विमान उड़ान भरने के कुछ ही मिनट बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें कम से कम 15 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। यह जानकारी दमकल विभाग के प्रमुख पावेल टोवर ने दी।
रनवे से फिसलकर हाईवे पर पहुंचा विमान
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक विमान रनवे से फिसलकर पास के शहर एल आल्टो की एक व्यस्त हाईवे पर जा घुसा। इस दौरान सड़क पर चल रही कई गाड़ियों को उसने टक्कर मार दी। अधिकारियों के अनुसार कम से कम 15 वाहन इस हादसे में क्षतिग्रस्त हुए हैं।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि मृतकों में विमान में सवार लोग शामिल हैं या सड़क पर मौजूद वाहन चालक और यात्री।
वायुसेना का हरक्यूलिस विमान था
रिपोर्ट्स के अनुसार यह विमान बोलिविया वायुसेना का हरक्यूलिस विमान था, जो देश के केंद्रीय बैंक से नए छपे नोट अन्य शहरों में ले जा रहा था। दुर्घटना के बाद विमान में भीषण आग लग गई, हालांकि दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया।
हाईवे पर बिखरे नोट, मची अफरा-तफरी
हादसे के बाद बड़ी मात्रा में नकदी एयरपोर्ट के बाहर और हाईवे पर फैल गई। सोशल मीडिया पर वायरल तस्वीरों में विमान का मलबा, क्षतिग्रस्त गाड़ियां और सड़क पर बिखरे नोट साफ दिखाई दे रहे हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक मौके पर सैकड़ों लोग पहुंच गए और नोट समेटने की होड़ मच गई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को दंगा-रोधी उपकरणों का इस्तेमाल करना पड़ा।
उड़ानें रोकी गईं, जांच शुरू
घटना के बाद प्रशासन ने एहतियात के तौर पर एयरपोर्ट से आने-जाने वाली उड़ानों को अस्थायी रूप से रोक दिया है। हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि ब्लैक बॉक्स और तकनीकी जांच रिपोर्ट आने के बाद ही दुर्घटना की सही वजह सामने आ पाएगी।
इस दर्दनाक हादसे ने पूरे देश को झकझोर दिया है और मृतकों के परिजनों के प्रति शोक व्यक्त किया जा रहा है।







