नरसिंहपुर में निर्माणाधीन ब्रिज से पिकअप पलटी: 3 मजदूरों की मौत, 7 घायल, 4 की हालत गंभीर
NH-44 पर बरमान चौकी क्षेत्र में बड़ा हादसा, अफरा-तफरी का माहौल

नरसिंहपुर। मध्यप्रदेश के नरसिंहपुर जिले में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। निर्माणाधीन ब्रिज से एक पिकअप वाहन पलट गया, जिसमें सवार तीन मजदूरों की मौत हो गई, जबकि सात अन्य घायल हो गए। इनमें चार की हालत गंभीर बताई जा रही है।
हादसा सुबह करीब 11:30 बजे राष्ट्रीय राजमार्ग 44 पर सूआतला थाना अंतर्गत बरमान चौकी क्षेत्र में हुआ। घायलों को तुरंत सिविल अस्पताल करेली में भर्ती कराया गया है।
10 मजदूर थे सवार, छिंदवाड़ा के निवासी
प्राप्त जानकारी के अनुसार पिकअप वाहन में कुल 10 मजदूर सवार थे। सभी मजदूर छिंदवाड़ा जिले के सुरलाखापा गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। वे नरसिंहपुर जिले के राजमार्ग क्षेत्र में चल रहे निर्माण कार्य के लिए जा रहे थे। फिलहाल मृतकों और घायलों के नाम सामने नहीं आए हैं।
मौके पर मची अफरा-तफरी
हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर बरमान चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। पुलिस ने सभी घायलों को तत्काल करेली के सिविल अस्पताल पहुंचाया।
थाना प्रभारी प्रियंका केवट ने बताया कि दो मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि एक अन्य घायल ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया। चार मजदूरों की हालत गंभीर बनी हुई है।
प्रारंभिक जांच में वाहन अनियंत्रित होने की आशंका
पुलिस ने तीनों मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में वाहन का अनियंत्रित होकर निर्माणाधीन ब्रिज से पलटना हादसे की वजह माना जा रहा है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
खबर अपडेट की जा रही है…







