रेलवे ओवरब्रिज का हिस्सा ढहा: भोपाल-जबलपुर NH-45 पर शहपुरा ब्रिज धंसा, ट्रैफिक डायवर्ट
200 मीटर हिस्सा गिरा, बाल-बाल बची बड़ी दुर्घटना

भोपाल/शहपुरा। भोपाल को जबलपुर से जोड़ने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-45) पर स्थित शहपुरा रेलवे ओवरब्रिज का करीब 200 मीटर हिस्सा रविवार, 22 फरवरी की शाम अचानक ढह गया। इससे पहले इसी ओवरब्रिज की दूसरी लेन का हिस्सा भी धंस चुका था।
राहत की बात यह रही कि पुल का मलबा रेलवे ट्रैक पर नहीं गिरा और घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। हादसे के बाद प्रशासन ने तुरंत ट्रैफिक को डायवर्ट कर दिया, जिससे लंबा जाम लगने से बचा जा सका।
महज 3 साल पहले हुआ था निर्माण
करीब 400 करोड़ रुपये की लागत से बने इस ओवरब्रिज का निर्माण कार्य लगभग तीन वर्ष पहले ही पूरा हुआ था। स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, पुल में दरारें आने की शिकायत के बाद पिछले छह माह से एक हिस्से में मरम्मत कार्य जारी था। इसके बावजूद निर्माण कंपनी सुरक्षित और स्थायी मरम्मत करने में विफल रही।
निर्माण कंपनी ब्लैकलिस्ट
घटना के बाद परियोजना का निर्माण करने वाली राजस्थान की बांगड़ कंपनी को ब्लैकलिस्ट कर दिया गया है। यह प्रोजेक्ट National Highways Authority of India (NHAI) के अंतर्गत स्वीकृत था, जबकि क्षेत्रीय स्तर पर निगरानी की जिम्मेदारी मध्यप्रदेश रोड डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन के पास थी।
हादसे के बाद पुल की गुणवत्ता, निर्माण मानकों और निगरानी प्रक्रिया पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। प्रशासन द्वारा तकनीकी जांच के आदेश दिए गए हैं।
ट्रैफिक डायवर्जन लागू
ओवरब्रिज के क्षतिग्रस्त हिस्से को पूरी तरह बंद कर दिया गया है। वैकल्पिक मार्गों से वाहनों को निकाला जा रहा है। पुलिस और प्रशासन मौके पर तैनात है।







