गाडरवारा स्टेशन पर मेमो ट्रेन में सांप लेकर सफर करता युवक, यात्रियों में दहशत
नरसिंहपुर जिले के गाडरवारा रेलवे स्टेशन पर कटनी-इटारसी मेमो ट्रेन में एक युवक सांप लेकर सफर करता दिखा। यात्रियों में डर का माहौल, रेलवे सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल।

गाडरवारा (जिला नरसिंहपुर )। गाडरवारा रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 2 पर कटनी–इटारसी मेमो ट्रेन (61618) में एक युवक द्वारा सांप लेकर यात्रा करने का मामला सामने आया है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक ट्रेन में सांप (स्थानीय लोगों के अनुसार ‘दियर’ प्रजाति) दिखाकर यात्रियों से पैसे मांग रहा था।
बताया जा रहा है कि युवक पूरे सफर के दौरान सांप का डर दिखाकर यात्रियों से रुपये वसूलता रहा। इससे डिब्बे में बैठे यात्रियों में दहशत का माहौल बन गया। घटना का फोटो और वीडियो एक यात्री ने रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर साझा किया। जानकारी के अनुसार संबंधित युवक गाडरवारा स्टेशन पर उतर गया।
सुरक्षा पर उठे सवाल
यात्रियों का कहना है कि यदि सांप के कारण कोई सर्पदंश की घटना हो जाती तो बड़ी दुर्घटना हो सकती थी। रेलवे परिसर और चलती ट्रेन में इस तरह सांप लेकर घूमना न केवल यात्रियों की सुरक्षा के लिए खतरा है, बल्कि यह कानूनन अपराध भी हो सकता है।
स्थानीय लोगों ने रेलवे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए पूछा है कि ऐसी स्थिति में रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और जीआरपी की सतर्कता क्यों नजर नहीं आई। यात्रियों की मांग है कि मामले की जांच कर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाएं न हों।
महत्वपूर्ण तथ्य
विशेषज्ञों के अनुसार अधिकांश सांप बिना उकसावे के हमला नहीं करते, फिर भी सार्वजनिक स्थान पर उन्हें लाना बेहद खतरनाक और गैरजिम्मेदाराना है। किसी भी प्रकार की अफवाह या अपुष्ट जानकारी से बचना चाहिए।







