नर्मदा जयंती पर रविवार का हाट बाजार सोमवार को लगेगा, 25 जनवरी को निकलेगी भव्य नर्मदा चुनरी मनोरथ यात्रा

संवाददाता अवधेश चौकसे
सालीचौका, नरसिंहपुर | नर्मदा जयंती के पावन अवसर पर रविवार 25 जनवरी 2026 को सालीचौका क्षेत्र में निकलने वाली भव्य नर्मदा चुनरी मनोरथ यात्रा के चलते नगर में लगने वाला साप्ताहिक हाट बाजार अब सोमवार को आयोजित किया जाएगा। नगर परिषद एवं प्रशासन द्वारा इस संबंध में मुनादी कराकर आमजन को सूचना दे दी गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नर्मदा चुनरी मनोरथ यात्रा का शुभारंभ सुबह 7 बजे सालीचौका नगर के हृदय स्थल स्थित श्री देव राधाकृष्ण मंदिर परिसर के नर्मदा मंदिर से होगा। यात्रा मुख्य बाजार एवं नगर भ्रमण करते हुए विभिन्न ग्रामों से गुजरकर झीकोली नर्मदा घाट पहुंचेगी, जहां महाआरती एवं विशाल भंडारे के साथ इसका समापन होगा।
यात्रा को लेकर नगर परिषद प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। सुरक्षा, यातायात एवं व्यवस्थाओं को ध्यान में रखते हुए रविवार को लगने वाले हाट बाजार को एक दिन आगे बढ़ाकर सोमवार को आयोजित करने का निर्णय लिया गया है।
धार्मिक एकता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश
उल्लेखनीय है कि यह नर्मदा चुनरी मनोरथ पैदल यात्रा विगत कई दशकों से सर्वधर्म समभाव, धार्मिक एकता, सामाजिक सद्भाव, नर्मदा नदी संरक्षण एवं पर्यावरण जागरूकता के उद्देश्य से आयोजित की जाती रही है। यात्रा का नेतृत्व क्षेत्र के पूर्व विधायक सुरेश कुमार राय के मंझले पुत्र श्री मनीष कुमार राय (छोटू भैया) द्वारा निरंतर किया जा रहा है।
गाजे-बाजे और भक्ति से सजेगा नगर
यात्रा में गाजे-बाजे, ढोल-नगाड़े, जयकारे, भजन-कीर्तन, झंडा जुलूस, अखाड़े एवं नृत्य कलाओं के साथ बड़ी संख्या में युवा, महिलाएं, मातृशक्ति एवं नर्मदा भक्त शामिल होंगे। मार्ग में श्रद्धालुओं द्वारा पुष्पवर्षा, श्रीफल, फलाहार, स्वल्पाहार एवं जलपान से स्वागत किया जाएगा।
इन गांवों से जुड़ेगा श्रद्धालुओं का सैलाब
यह यात्रा सालीचौका से निकलकर सावरी, आमढाना, पोडार चौराहा, आडेगांव कला, डूंगरिया, ढिंगसरा, अजंदा, धनौरा, खैरी देतपौन, खमरिया पिटवानी, पाली खेरी, साईंखेड़ा सहित अनेक ग्रामों से होकर गुजरेगी। इसके अतिरिक्त गाडरवारा तहसील एवं आसपास के सैकड़ों गांवों से हजारों श्रद्धालु इस आयोजन में सहभागिता करेंगे।
श्रद्धालुओं के लिए परिवहन सुविधा
श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यात्रा उपरांत वापसी हेतु परिवहन बसों की व्यवस्था भी की गई है।
भक्तों से सहभागिता की अपील
आयोजकों द्वारा समस्त नर्मदा भक्तों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर इस पावन नर्मदा चुनरी मनोरथ यात्रा को सफल बनाने की विनम्र अपील की गई है।







