धर्ममध्य प्रदेश

महाशिवरात्रि पर शिवधाम डमरू घाटी में उमड़ा आस्था का सैलाब, हजारों श्रद्धालुओं ने किया जलाभिषेक

गाडरवारा के शिवधाम डमरू घाटी में महाशिवरात्रि पर हजारों श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक किया। रेत घाट पर विशाल मेले का शुभारंभ, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम।

गाडरवारा। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर नगर के प्रसिद्ध शिवधाम डमरू घाटी में आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। हजारों श्रद्धालुओं ने भगवान भोले शंकर के दर्शन कर विधि-विधान से अभिषेक किया और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। सुबह से ही शिवधाम जाने वाले मार्गों पर भक्तों की भारी भीड़ देखने को मिली।

ॐ नमः शिवाय” और “हर-हर महादेव” के जयघोष से पूरा क्षेत्र शिवमय हो गया। श्रद्धालु धर्मध्वज और त्रिशूल लेकर टोलियों में मंदिर पहुंचे और पूरे श्रद्धाभाव से पूजा-अर्चना की।

जगह-जगह सेवा शिविर, प्रसाद और जलपान की व्यवस्था

मार्ग में विभिन्न सामाजिक संगठनों और श्रद्धालुओं द्वारा सेवा भाव से स्टॉल लगाए गए, जहां भक्तों के लिए जलपान एवं प्रसाद वितरण की व्यवस्था की गई। दिनभर मंदिर परिसर में भक्ति, श्रद्धा और उत्साह का वातावरण बना रहा।

नगर के सभी शिव मंदिरों में भी सुबह से ही विशेष पूजा-अर्चना, रुद्राभिषेक एवं भंडारों का आयोजन प्रारंभ हो गया था। श्रद्धालुओं ने पूरे हर्षोल्लास के साथ महाशिवरात्रि पर्व मनाया।

रेत घाट पर विशाल मेले का शुभारंभ

नगर पालिका परिषद द्वारा शक्कर नदी पुल के नीचे रेत घाट पर प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी विशाल मेले का आयोजन किया गया। मेले का शुभारंभ स्कूल शिक्षा एवं परिवहन मंत्री उदय प्रताप सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष पंडित शिवाकांत मिश्रा, पूर्व विधायक साधना स्थापक तथा जिला कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह की उपस्थिति में फीता काटकर किया गया।

मेले में नगर पालिका द्वारा बेहतर व्यवस्थाएं की गई हैं। विभिन्न प्रकार की दुकानों के साथ बच्चों के मनोरंजन के लिए बड़े झूले, चकरी और अन्य आकर्षण केंद्र मेले की शोभा बढ़ा रहे हैं।

यातायात और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पुलिस प्रशासन द्वारा बड़े वाहनों का मार्ग डायवर्ट किया गया। पार्किंग के लिए अलग-अलग स्थान चिन्हित किए गए हैं तथा भीड़ नियंत्रण हेतु विभिन्न पॉइंट्स पर पुलिस बल तैनात रहा।

शिवधाम डमरू घाटी समिति के पदाधिकारी और सदस्य गर्भगृह से लेकर मंदिर परिसर तक व्यवस्थाओं में सक्रिय रूप से जुटे रहे।

कलेक्टर ने की पूजा-अर्चना

महाशिवरात्रि के अवसर पर जिला कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह ने डमरू घाटी पहुंचकर भगवान शिव की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और जिले की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। उन्होंने जिलेवासियों को महाशिवरात्रि की हार्दिक शुभकामनाएं भी दीं।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!