MPB OBCW सोशल मीडिया पर शॉर्ट वीडियो के जरिए करेगा योजनाओं का प्रचार — मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल
यूट्यूब, फेसबुक, इंस्टाग्राम और एक्स (ट्विटर) पर अपलोड होंगे वीडियो; आम जनता तक सीधे पहुंचेगी योजनाओं की जानकारी

भोपाल(पूजा मालवीय)। मध्य प्रदेश भवन संनिर्माण बोर्ड अब अपनी योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए डिजिटल माध्यमों का उपयोग करेगा। इस संबंध में प्रदेश के पंचायत एवं ग्रामीण विकास तथा श्रम विभाग के कैबिनेट मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने सोशल मीडिया के माध्यम से जानकारी साझा की।
मंत्री पटेल ने बताया कि बोर्ड जल्द ही यूट्यूब, फेसबुक, इंस्टाग्राम और एक्स (ट्विटर) सहित विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर शॉर्ट फिल्म और वीडियो अपलोड करेगा। इनमें बोर्ड द्वारा संचालित योजनाओं की पूरी जानकारी आम लोगों को सरल और सहज भाषा में दी जाएगी।
अब सीधे लोगों तक पहुंचेगी जानकारी
अब तक बड़ी संख्या में ऐसे लोग थे जिन्हें भवन संनिर्माण बोर्ड की योजनाओं की जानकारी नहीं मिल पाती थी। जानकारी के अभाव में वे योजनाओं का लाभ नहीं ले पाते थे। लेकिन छोटे-छोटे वीडियो के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों तक योजनाओं की पूरी प्रक्रिया आसानी से पहुँचाई जाएगी।
वीडियो अपलोड होंगे @mpbocw ऑफिशियल हैंडल पर
मंत्री ने बताया कि ये सभी वीडियो सोशल मीडिया पर बोर्ड के आधिकारिक हैंडल @mpbocw पर उपलब्ध होंगे। लोग इन्हें देखकर आसानी से योजनाओं के लिए स्वयं आवेदन कर पाएंगे।
मध्यस्थ की जरूरत खत्म — लाभार्थियों को सीधे लाभ
अब तक मजदूरों और कामगारों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए किसी न किसी मध्यस्थ पर निर्भर रहना पड़ता था। लेकिन वीडियो मार्गदर्शन मिलने पर मध्यस्थ की भूमिका समाप्त हो जाएगी, जिससे
- प्रक्रिया पारदर्शी होगी,
- योजनाओं का बेहतर क्रियान्वयन होगा,
- और लाभार्थियों को योजनाओं का सीधा लाभ मिल सकेगा।
मंत्री पटेल ने कहा कि जब मजदूर और लाभार्थी बिना किसी बाधा के योजनाओं का लाभ उठाएँगे, तो वे समाज और राष्ट्र के लिए और भी बेहतर सेवाएँ प्रदान कर सकेंगे।







