MP: प्रेमी ने घर में घुसकर प्रेमिका को मारी गोली, सोशल मीडिया से 4 महीने पहले हुई थी दोस्ती
शादी में बाधा बनने पर प्रेमी ने किया जानलेवा हमला, आरोपी गिरफ्तार

MP Crime News: मध्यप्रदेश के ग्वालियर से सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक युवक ने अपनी प्रेमिका के घर में घुसकर उसे गोली मार दी। गोली महिला के सीने में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल महिला को इलाज के लिए जयारोग्य अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपी युवक को अवैध कट्टे के साथ गिरफ्तार कर लिया है।
शादी में बाधा बनने पर किया हमला
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया है कि उसकी दूसरी जगह शादी तय हो रही थी, लेकिन प्रेमिका इस शादी में बाधा बन रही थी। आरोपी का कहना है कि महिला उसे धमकी दे रही थी कि यदि उसने शादी की तो वह उसे गोली मार देगी या शादी तुड़वा देगी। इसी रंजिश में आरोपी ने इस वारदात को अंजाम दिया।
गोली की आवाज से मचा हड़कंप
घटना गोला का मंदिर थाना क्षेत्र की गोवर्धन कॉलोनी की है। यहां किराए के मकान में रहने वाली महिला जानवी भदौरिया को भिंड जिले के गोहद निवासी आरोपी प्रेमी मोनू जोशी ने रात के समय घर में घुसकर सीने में गोली मार दी।
गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत पुलिस को सूचना दी।
अवैध कट्टा बरामद, आरोपी गिरफ्तार
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी मोनू जोशी को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से एक अवैध देशी कट्टा भी बरामद किया गया है। घायल महिला को तत्काल इलाज के लिए जयारोग्य अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
सोशल मीडिया से शुरू हुई थी दोस्ती
घायल महिला ने पुलिस को बताया कि वह मूल रूप से जिला भिंड की रहने वाली है और उसके पति की लगभग 6 महीने पहले मौत हो चुकी है। इसके बाद वह अपनी बहन के साथ गोवर्धन कॉलोनी में किराए के मकान में रह रही थी।
करीब 4 महीने पहले सोशल मीडिया के जरिए उसकी दोस्ती आरोपी से हुई थी, जो बाद में प्रेम संबंध में बदल गई।
हत्या के प्रयास का केस दर्ज
फिलहाल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास (Attempt to Murder) का मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही अवैध हथियार की सप्लाई और उपयोग को लेकर भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।







