MP News सरकारी कार्यालय में हड़कंप: महिला कर्मचारी ने पेट्रोल डालकर किया आत्मदाह का प्रयास

संवाददाता शैलेंद्र गुप्ता
बैतूल।
बैतूल में बुधवार को सहायक आयुक्त, जनजातीय कार्य विभाग के कार्यालय में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक अंशकालीन महिला कर्मचारी ने खुद पर पेट्रोल डालकर आत्मदाह करने का प्रयास किया। महिला अपनी सेवाएं समाप्त किए जाने से आहत थी और शिकायत लेकर कार्यालय पहुंची थी।
सेवा समाप्ति से आहत थी महिला
प्राप्त जानकारी के अनुसार चंपा वट्टी नामक महिला छात्रावास में अंशकालीन रसोइया के रूप में कार्यरत थी। वह अपनी सेवाएं समाप्त किए जाने को लेकर सहायक आयुक्त विवेक पांडे से चर्चा कर रही थी। बातचीत के दौरान अचानक महिला ने अपने साथ लाई पेट्रोल की बोतल निकाली, खुद पर पेट्रोल डाला और माचिस मांगने लगी।
कर्मचारियों की तत्परता से टली बड़ी घटना
महिला के इस कदम से कार्यालय में हड़कंप मच गया। वहां मौजूद कर्मचारियों ने तत्काल हस्तक्षेप कर महिला को आग लगाने से रोक लिया। घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। इसके बाद महिला को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत सामान्य है।
अन्य अंशकालीन रसोइयों में भी आक्रोश
घटना के दौरान मौजूद अन्य अंशकालीन रसोइयों ने बताया कि वे 15 से 20 वर्षों से छात्रावासों में सेवाएं दे रहे हैं। हाल के दिनों में बिना पूर्व सूचना हटाए जाने की आशंका से वे मानसिक तनाव में हैं। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी सेवाएं बहाल नहीं की गईं, तो वे आंदोलन तेज करेंगे।
विभाग ने दी सफाई
इस पूरे मामले पर सहायक आयुक्त विवेक पांडे ने स्पष्ट किया कि किसी कर्मचारी को हटाने का कोई औपचारिक आदेश जारी नहीं किया गया है। उन्होंने बताया कि हालिया समीक्षा में सामने आया है कि कई छात्रावासों में स्वीकृत पदों से अधिक कर्मचारी बिना नियुक्ति आदेश के कार्यरत हैं, ऐसे मामलों में वेतन भुगतान पर रोक लगाने का निर्णय लिया गया है।
मामले की हो रही समीक्षा
विभागीय सूत्रों के अनुसार, इसी निर्णय के विरोध में अंशकालीन कर्मचारी पिछले कुछ दिनों से ज्ञापन सौंप रहे थे। प्रशासनिक स्तर पर पूरे मामले की समीक्षा जारी है।







