मंडीदीप में आयोजित ODOP एवं एक्सपोर्ट कार्यशाला में 150 से अधिक प्रतिभागियों ने की सहभागिता

संवाददाता सम्राट अंकित कुशवाहा
रायसेन, 24 फरवरी 2026
मध्यप्रदेश इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन (एमपीआईडीसी) द्वारा मंडीदीप एसोसिएशन हॉल में ओडीओपी एवं एक्सपोर्ट को बढ़ावा देने हेतु एक महत्वपूर्ण कार्यशाला का आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न विभागों एवं संस्थाओं के विशेषज्ञों ने प्रतिभागियों को निर्यात संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई। कार्यक्रम में 150 से अधिक उद्यमियों, स्व-सहायता समूहों एवं हितधारकों ने सक्रिय सहभागिता की।
कार्यशाला में CONCOR से श्री अभिनव ने लॉजिस्टिक्स एवं निर्यात प्रक्रियाओं से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियाँ साझा कीं। यूको बैंक से श्री रत्नेश ने निर्यातकों के लिए उपलब्ध वित्तीय सहायता एवं बैंकिंग सुविधाओं के बारे में जानकारी दी, वहीं डाक विभाग से श्री विजय पांडेय द्वारा डाक सेवाओं के माध्यम से छोटे उद्यमियों के लिए निर्यात के अवसरों पर प्रस्तुति दी गई। वॉलमार्ट से श्री समीर मिस्त्री ने आधुनिक बाजार की मांग, गुणवत्ता मानकों एवं वैश्विक प्लेटफॉर्म पर उत्पादों की पहुंच बढ़ाने के तरीकों पर अपना प्रस्तुतीकरण दिया।
इसी प्रकार आईटीआईएफसी सेल, एमपीआईडीसी से सुश्री प्रीति तिवारी ने कार्यक्रम में वक्ता के रूप में ओडीओपी एवं निर्यात की संभावनाओं पर विस्तृत प्रस्तुति देते हुए स्थानीय उत्पादों को वैश्विक बाजार से जोड़ने के प्रयासों पर प्रकाश डाला। कार्यशाला में एमपीआईडीसी रायसेन के जीएम श्री राहुल शर्मा, रीजनल एडवाइजर श्री प्रणय चौहान तथा मंडीदीप इंडस्ट्री एसोसिएशन के वाइस चेयरमैन श्री आदित्य मोदी भी उपस्थित रहे। कार्यशाला के दौरान प्रतिभागियों को निर्यात दस्तावेज़ीकरण, बाजार से जुड़ाव तथा सरकारी योजनाओं से संबंधित मार्गदर्शन भी प्रदान किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य स्थानीय उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजार में प्रतिस्पर्धी बनाना और उद्यमियों को निर्यात के लिए सक्षम बनाना रहा। यह कार्यशाला स्थानीय उद्यमियों के लिए निर्यात के नए अवसरों को समझने एवं अपने व्यवसाय को विस्तार देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुई।







