महाशिवरात्रि पर गाडरवारा में डमरूघाटी मेला का शुभारंभ, मंत्री उदय प्रताप सिंह बोले – मेलों से सशक्त होती है संस्कृति
महाशिवरात्रि पर डमरूघाटी मेला का भव्य शुभारंभ

गाडरवारा/ नरसिंहपुर। प्रदेश के परिवहन एवं स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह ने महाशिवरात्रि पर्व के अवसर पर जिलेवासियों एवं प्रदेशवासियों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि मेलों के माध्यम से हमारी संस्कृति, परंपरा और सामाजिक समरसता को सशक्त आधार मिलता है।
महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर गाडरवारा में आयोजित तीन दिवसीय डमरूघाटी मेला का मंत्री श्री सिंह ने विधिवत शुभारंभ किया। कार्यक्रम की शुरुआत भगवान श्रीगणेश के पूजन-अर्चन से हुई, जिसके पश्चात फीता काटकर मेले का उद्घाटन किया गया।

मेलों की परंपरा समाज को जोड़ने का माध्यम
मंत्री श्री सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि प्राचीन समय में गांव समाज का केंद्र हुआ करते थे और मेलों के माध्यम से लोगों को धर्म, संस्कृति और कला से जोड़ा जाता था। नदियों एवं मंदिरों के किनारे लगने वाले मेले और गांवों की मढ़ई जैसे आयोजन सामाजिक समरसता और आस्था को सुदृढ़ करते हैं।
उन्होंने कहा कि धार्मिक आयोजनों से नागरिकों को तनावमुक्त वातावरण मिलता है और सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। सरकार का प्रयास रहता है कि सभी मेले और धार्मिक कार्यक्रम सुव्यवस्थित और बेहतर ढंग से आयोजित हों। बरमान मेला के दौरान साफ-सफाई और व्यवस्थाएँ संतोषजनक पाई गईं, जिसके लिए मंत्री श्री सिंह ने जिला प्रशासन एवं मेला समिति को बधाई दी।

डमरूघाटी मेले को और बेहतर स्वरूप देने पर चर्चा
मंत्री श्री सिंह ने बताया कि डमरूघाटी मेला नगर पालिका परिषद गाडरवारा द्वारा आयोजित किया जाता है और इससे नागरिकों की गहरी आस्था जुड़ी है। मेले को और अधिक व्यवस्थित स्वरूप देने के संबंध में मुख्यमंत्री एवं धर्मस्व विभाग से चर्चा की गई है।
उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे मेले की व्यवस्थाओं में सहयोग करें तथा आवागमन सुचारु बनाए रखने में पुलिस प्रशासन का साथ दें।

प्रशासन ने की व्यापक व्यवस्थाएँ
कलेक्टर रजनी सिंह ने कहा कि जिले में मेलों की समृद्ध परंपरा रही है। बरमान मेला और डमरूघाटी मेला आस्था और ऐतिहासिक महत्व के प्रमुख केंद्र हैं। मेले की गरिमा बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने बताया कि सुरक्षा, स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएँ सुनिश्चित की गई हैं।
कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष शिवाकांत मिश्रा, पूर्व विधायक साधना स्थापक सहित कई जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।







