नरसिंहपुर में गणतंत्र दिवस धूमधाम से संपन्न, मंत्री उदय प्रताप सिंह ने फहराया तिरंगा
नरसिंहपुर में गणतंत्र दिवस 2026 हर्षोल्लास से मनाया गया। परिवहन एवं स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह ने ध्वजारोहण किया, परेड, सांस्कृतिक कार्यक्रम, झांकियां और पुरस्कार वितरण हुआ।

नरसिंहपुर, 26 जनवरी 2026।
नरसिंहपुर जिले में 77वां गणतंत्र दिवस देशभक्ति और हर्षोल्लास के वातावरण में मनाया गया। जिला मुख्यालय से लेकर ग्रामीण अंचलों तक जगह-जगह तिरंगा फहराया गया। मुख्य जिला स्तरीय समारोह स्टेडियम ग्राउंड नरसिंहपुर में आयोजित हुआ, जहां प्रदेश के परिवहन एवं स्कूल शिक्षा मंत्री श्री उदय प्रताप सिंह ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और समृद्धि के प्रतीक रंग-बिरंगे गुब्बारे आकाश में छोड़े।

परेड निरीक्षण और मुख्यमंत्री संदेश का वाचन
ध्वजारोहण के पश्चात पुलिस बैंड द्वारा जन-गण-मन की धुन एवं मध्यप्रदेश गान प्रस्तुत किया गया। मंत्री श्री सिंह ने कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह और पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीणा के साथ परेड का निरीक्षण कर सलामी ली। इसके बाद मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन किया गया, जिसके उपरांत राष्ट्रपति जी के जयघोष और हर्षफायर किए गए।

आकर्षक मार्चपास्ट और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां
समारोह में विशेष सशस्त्र बल, जिला पुलिस, महिला पुलिस, होमगार्ड, एनसीसी, एनएसएस, स्काउट-गाइड, रेडक्रास एवं शौर्य दल सहित विभिन्न दलों ने संयुक्त मार्चपास्ट प्रस्तुत किया।
स्कूली छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शानदार प्रस्तुति दी। इससे पूर्व सियाल इंटरनेशनल स्कूल नरसिंहपुर के विद्यार्थियों ने आकर्षक बैंड प्रदर्शन कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
विभागीय झांकियां बनीं आकर्षण का केंद्र
गणतंत्र दिवस समारोह में विभिन्न विभागों द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों पर आधारित भव्य झांकियां प्रदर्शित की गईं। यातायात पुलिस, कृषि विभाग, जिला पंचायत, मध्यप्रदेश ग्रामीण आजीविका मिशन सहित अन्य विभागों की झांकियों ने दर्शकों का ध्यान खींचा।

सम्मान और पुरस्कार वितरण
मंत्री श्री उदय प्रताप सिंह ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, मीसाबंदियों एवं शहीद इंस्पेक्टर आशीष शर्मा के परिजनों को शॉल-श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया।
साथ ही उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों और प्रतिभागी दलों को पुरस्कार प्रदान किए गए।
पुरस्कार परिणाम संक्षेप में:
- उत्कृष्ट परेड:
- प्रथम – जिला महिला पुलिस बल
- छात्र परेड दल:
- प्रथम – एनसीसी सीनियर विंग एमआईएमटी कॉलेज एवं एनसीसी जूनियर विंग उत्कृष्ट विद्यालय
- झांकियां:
- प्रथम – कृषि विभाग
- द्वितीय – जिला पंचायत
- तृतीय – यातायात पुलिस
- सांस्कृतिक कार्यक्रम:
- प्रथम – पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय बोहारी
- द्वितीय – केन्द्रीय विद्यालय नरसिंहपुर
- तृतीय – सांदीपनी विद्यालय नरसिंहपुर
- सांत्वना – चांवरा विद्यालय नरसिंहपुर
गणमान्य नागरिक रहे उपस्थित
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती ज्योति नीलेश काकोड़िया, उपाध्यक्ष श्रीमती अनीता राजेन्द्र ठाकुर, लोकतंत्र सेनानी संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व राज्यसभा सांसद श्री कैलाश सोनी, नगर पालिका अध्यक्ष श्री नीरज दुबे सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी, मीडिया प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन श्री संजय चौबे, श्री दीपक अग्निहोत्री एवं श्रीमती विभा दुबे ने किया।







