क्राइममध्य प्रदेशराजनीति

मंत्री प्रतिमा बागरी ने गांजा तस्कर अनिल बागरी से रिश्ता नकारा, कहा– “कोई भी खुद को रिश्तेदार बता देता है”

सतना में गांजा तस्करी मामले में गिरफ्तार अनिल बागरी से मंत्री प्रतिमा बागरी ने अपना रिश्ता नकारा। युवा कांग्रेस ने मंत्री को हटाने की मांग करते हुए बंगले का घेराव किया।

भोपाल। मध्य प्रदेश की नगरीय विकास एवं आवास राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी ने सतना में गिरफ्तार गांजा तस्कर अनिल बागरी से किसी भी प्रकार का पारिवारिक रिश्ता होने से साफ इंकार कर दिया है। खजुराहो में मीडिया से चर्चा के दौरान उन्होंने कहा—

“कोई भी अपने आप को रिश्तेदार बता देता है, पहले तथ्यों की पुष्टि कर लेना चाहिए।”

सतना में 46 किलो गांजा बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार

सतना जिले के रामपुर बघेलान थाना क्षेत्र में पुलिस ने 7–8 दिसंबर की रात बड़ी कार्रवाई करते हुए अनिल बागरी और पंकज सिंह को गिरफ्तार किया था। पुलिस ने उनके पास से 46 किलो गांजा जब्त किया, जिसकी कीमत 9 लाख 22 हजार 680 रुपए आंकी गई है।

युवा कांग्रेस का घेराव, मंत्री को हटाने की मांग

घटना के बाद प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। मंगलवार को युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भोपाल में मंत्री प्रतिमा बागरी के बंगले का घेराव किया।
प्रदर्शन का नेतृत्व जिला अध्यक्ष अमित खत्री ने किया। उन्होंने आरोप लगाया कि—
“प्रदेश में नशे का कारोबार बढ़ रहा है और सत्ता से जुड़े लोगों की भूमिका सामने आ रही है। प्रतिमा बागरी को तुरंत मंत्रिमंडल से बर्खास्त किया जाए।”

युवा कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि मांग नहीं मानी गई तो वे मुख्यमंत्री निवास का घेराव करेंगे।

19 दिसंबर तक न्यायिक हिरासत

एडिशनल एसपी प्रेमलाल धुर्वे के अनुसार, पूछताछ में पंकज सिंह ने बताया कि यह गांजा अनिल बागरी और शैलेन्द्र सिंह का था।
दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायाधीश शशिकांत वर्मा की कोर्ट में पेश किया गया, जहां से दोनों को 19 दिसंबर तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

जीजा से मिलकर करता था तस्करी

जांच में खुलासा हुआ है कि अनिल बागरी अपने बहनोई शैलेन्द्र सिंह के साथ मिलकर तस्करी करता था। शैलेन्द्र सिंह पहले भी नशीली कफ सिरप और शराब तस्करी के मामलों में गिरफ्तार हो चुका है तथा वर्तमान में बांदा जेल में बंद है।

मीडिया के सवालों पर नाराज हुईं मंत्री

जब पत्रकारों ने उनसे मामले पर सीधे सवाल पूछे, तो मंत्री प्रतिमा बागरी असहज दिखीं और कहा—
“फालतू की बात करते हो आप लोग।”
इसके बाद वे बिना जवाब दिए वहां से चली गईं।

 

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!