माचना जयंती उत्सव 2025: भव्य शोभायात्रा, दीपदान और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में उमड़ी श्रद्धा
शाहपुर में माचना जयंती उत्सव भव्य रूप से संपन्न हुआ। शोभायात्रा, दीपदान महोत्सव और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में नगरवासियों की अपार भागीदारी रही। मां माचना के जयघोष से गूंज उठा नगर।

संवाददाता शैलेंद्र गुप्ता शाहपुर
Shahpur News: नगर में इस वर्ष माचना जयंती का पावन उत्सव बड़े ही श्रद्धा, उत्साह और भव्यता के साथ मनाया गया। पूरे नगर में दिव्यता और भक्ति का वातावरण बना रहा।
श्री राम मंदिर से प्रारंभ हुई भव्य शोभायात्रा खेडापति मंदिर होते हुए माचना तट पहुँची, जहाँ श्रद्धालुओं ने मां माचना की मूर्ति की विधिवत स्थापना की और जयघोष व भजन-कीर्तन से पूरा माहौल भक्तिमय बना दिया।
वैदिक मंत्रोच्चार और दीपदान से आलोकित हुआ माचना तट
माचना तट पर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मां माचना का अभिषेक संपन्न हुआ, जिससे सम्पूर्ण वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से परिपूर्ण हो उठा।
सायंकाल नगरवासियों ने बड़ी संख्या में एकत्र होकर दीपदान महोत्सव में भाग लिया। हजारों दीपों की पंक्तियों से माचना तट आलोकित हो उठा और मां के चरणों में श्रद्धापूर्वक चूनरी अर्पित की गई।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां
रात्रि 8 बजे से शुरू हुए सांस्कृतिक कार्यक्रमों में स्थानीय बच्चों ने पारंपरिक नृत्य, गीत और लोक प्रस्तुतियों से मंच को जीवंत कर दिया। आयोजन समिति द्वारा प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया।
साध्वी रंजना दीदी का आशीर्वचन
इस अवसर पर भोपाल से पधारी साध्वी रंजना दीदी ने धर्म, संस्कृति और मातृशक्ति के संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम में कमलेश सिंह, समाजसेवी अरुण कुमार तिवारी, नगर परिषद अध्यक्ष रोहित विक्की नायक, विशाल सिंह ठाकुर, समिति अध्यक्ष कमल किशोर परसाई, अनिल कुमार जैन, ओमप्रकाश गुप्ता, मोहन सोनी, जितेंद्र दीक्षित, देवेंद्र गुप्ता, सुनील घिघोडे सहित समिति के कई सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन मनोज शुक्ल ‘हिंदुस्तानी’ ने किया।
आरती की गूंज में भक्ति की ज्योति
रात्रि में जब मां माचना की आरती गूंजी और दीपों की झिलमिलाहट से तट जगमगाया, तो लगा मानो सम्पूर्ण नगर भक्ति की एकाकार ज्योति में विलीन हो गया हो।
यह आयोजन नगरवासियों के लिए सदैव स्मरणीय रहेगा।







