श्रीमद भागवत कथा के श्रवण से मिलता है पुण्य लाभ – जयंती किशोरी शर्मा
जगदीश वार्ड में जारी श्रीमद भागवत कथा से धर्ममय हुआ वातावरण

गाडरवारा। नगर के जगदीश वार्ड में भागवत सेवा समिति के तत्वावधान में 3 जनवरी से आयोजित संगीतमय श्रीमद भागवत कथा से पूरा क्षेत्र धर्ममय वातावरण में रंगा हुआ है। आयोजन का शुभारंभ कलश यात्रा के साथ किया गया था। कथा प्रतिदिन दोपहर 2 बजे से श्रद्धालुओं के लिए आयोजित की जा रही है।
कथा में कथावाचिका सुश्री जयंती किशोरी शर्मा द्वारा भावपूर्ण और संगीतमय शैली में श्रीमद भागवत कथा का रसपान कराया जा रहा है। कथा के चौथे दिन मंगलवार को उन्होंने गजेंद्र मोक्ष एवं भगवान श्रीकृष्ण जन्मोत्सव की दिव्य कथा का सुंदर वर्णन किया।
जब-जब बढ़ता है अधर्म, तब-तब लेते हैं भगवान अवतार
कथावाचिका जयंती किशोरी शर्मा ने भगवान श्रीकृष्ण के जन्म प्रसंग पर कहा कि जब-जब पृथ्वी पर पाप और अधर्म बढ़ता है, तब-तब धर्म की रक्षा के लिए भगवान अवतार लेते हैं। उन्होंने बताया कि कंस द्वारा देवकी की संतानों का वध किए जाने के बावजूद विपरीत परिस्थितियों में भगवान श्रीकृष्ण का जन्म हुआ, जो यह संदेश देता है कि बुरे समय के बाद अच्छे दिन अवश्य आते हैं।
उन्होंने श्रद्धालुओं से आह्वान किया कि जीवन में कभी भी निराश नहीं होना चाहिए और भगवान पर विश्वास बनाए रखना चाहिए।
भागवत कथा से मिलती है शांति और सदमार्ग की प्रेरणा
कथावाचिका ने कहा कि श्रीमद भागवत कथा को पूर्ण श्रद्धा और ध्यान से सुनना चाहिए, क्योंकि इसके श्रवण से पुण्य लाभ प्राप्त होता है, मन को शांति मिलती है और जीवन में अच्छे संस्कारों का विकास होता है। भागवत कथा मानव को सदमार्ग पर चलने की प्रेरणा देती है।
कृष्ण जन्मोत्सव में झूमे श्रद्धालु
मंगलवार को भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव के अवसर पर श्रद्धालु भक्ति में झूम उठे। भजन-कीर्तन और जयकारों से पूरा पंडाल गूंज उठा। इस धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में धर्मप्रेमी श्रद्धालु उपस्थित होकर धर्म लाभ अर्जित कर रहे हैं।







