अवैध शराब के विरुद्ध झाबुआ पुलिस का “ऑपरेशन प्रहार” शराब तस्करी की बड़ी खेप पकड़ी, करीब पौने दो करोड़ का मशरूका जब्त
झाबुआ पुलिस के ऑपरेशन प्रहार में अवैध शराब की बड़ी खेप पकड़ी गई। ट्रक से करीब पौने दो करोड़ रुपये की शराब और मशरूका जब्त, आरोपी गिरफ्तार।

झाबुआ | जनता एक्सप्रेस लाइव | रमेश कुमार सोलंकी।
झाबुआ पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। थाना कोतवाली झाबुआ पुलिस ने एक ट्रक से भारी मात्रा में अवैध शराब जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। जब्त मशरूका की कुल अनुमानित कीमत लगभग 1 करोड़ 73 लाख 74 हजार 500 रुपये बताई जा रही है।
पशु आहार की आड़ में हो रही थी तस्करी
दिनांक 23 दिसंबर 2025 को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ट्रक क्रमांक MP09 HH 8119 अवैध शराब लेकर राजकोट (गुजरात) की ओर जा रहा है। सूचना मिलते ही थाना कोतवाली पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी कर ट्रक को रोका और तलाशी ली।
तलाशी के दौरान ट्रक में पशु आहार की बोरियों की आड़ में छिपाकर रखी गई अवैध शराब की पेटियां बरामद की गईं।
इतनी शराब और कीमत का हुआ खुलासा
पुलिस जांच में निम्न ब्रांड की अवैध शराब जब्त की गई—
- लंदन प्राइड शराब – 120 पेटियां (कीमत ₹18,00,000)
- किंगफिशर बीयर – 217 पेटियां (कीमत ₹18,22,500)
- ग्रीन पार्क अंग्रेजी शराब – 300 पेटियां (कीमत ₹57,60,000)
- रॉयल चैलेंज शराब – 135 पेटियां (कीमत ₹25,92,000)
➡️ कुल शराब की कीमत: ₹1,19,74,500
➡️ ट्रक व पशु आहार सहित कुल मशरूका: ₹1,73,74,500
आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज
इस मामले में थाना कोतवाली झाबुआ में अपराध क्रमांक 968/2025 के तहत धारा 34(2), 36 आबकारी अधिनियम में प्रकरण दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी से अवैध शराब के नेटवर्क और सप्लाई चेन को लेकर पूछताछ जारी है।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
इस बड़ी कार्रवाई में
थाना प्रभारी आर.सी. भास्करे,
उनि अशोक बघेल,
सउनि सुरसिंह,
प्रधान आरक्षक दिलीप,
आरक्षक अजीत, कैलाश एवं अनसिंह
का सराहनीय योगदान रहा। पुलिस अधीक्षक ने इस उल्लेखनीय कार्य के लिए पूरी टीम को नकद पुरस्कार से पुरस्कृत करने की घोषणा की है।
3 माह में 175 से अधिक मामले
गौरतलब है कि झाबुआ जिले में बीते 3 महीनों में अवैध शराब के 175 से अधिक प्रकरण दर्ज किए जा चुके हैं, जिनमें कई बड़ी और संगठित तस्करी की कार्रवाई शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि अवैध शराब के खिलाफ अभियान आगे भी इसी सख्ती से जारी रहेगा।










