क्राइममध्य प्रदेश

जबलपुर चलती ट्रेन में यात्री पर चाकू से हमला: खाने का सामान न खरीदने पर वेंडर का वार

जबलपुर में चलती पुणे–सुपौल एक्सप्रेस के जनरल कोच में खाने का सामान न खरीदने पर वेंडर ने यात्री पर चाकू से हमला कर दिया। घायल का जिला अस्पताल में इलाज जारी, जीआरपी ने आरोपी की तलाश शुरू की।

जबलपुर। शहर में एक बार फिर चलती ट्रेन में यात्री पर हमले की घटना सामने आई है। रविवार रात जबलपुर रेलवे स्टेशन के पास एक वेंडर ने खाने का सामान नहीं खरीदने पर यात्री पर चाकू से हमला कर दिया। घायल यात्री को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि आरोपी की तलाश जारी है।

जनरल कोच में हुई वारदात

घटना गाड़ी संख्या 11401 पुणे-सुपौल एक्सप्रेस के जनरल डिब्बे में हुई। हाजीपुर निवासी 29 वर्षीय राहुल सिंह राजपूत ट्रेन में सफर कर रहे थे। ट्रेन शहपुरा-भिटौनी स्टेशन के बीच पहुंची ही थी कि एक वेंडर डिब्बे में खाद्य सामग्री बेचने आया।

बताया जा रहा है कि राहुल ने खाने का दाम पूछा, लेकिन अधिक कीमत सुनकर सामान लेने से मना कर दिया। इसी बात पर विवाद बढ़ गया और वेंडर ने अपने पास रखे सब्जी काटने वाले चाकू से यात्री के पैर पर हमला कर दिया।

हमले के बाद मची अफरा-तफरी

हमले के बाद जनरल कोच में अफरा-तफरी मच गई। यात्री दहशत में आ गए और आरोपी वेंडर धक्का-मुक्की करते हुए दूसरे डिब्बे की ओर भाग गया। ट्रेन जब जबलपुर स्टेशन पहुंची, तब घायल यात्री ने जीआरपी में शिकायत दर्ज कराई।

जीआरपी ने शुरू की तलाश

घटना की सूचना मिलते ही जीआरपी पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। जबलपुर जीआरपी थाना प्रभारी संजीवनी राजपूत ने बताया कि आरोपी वेंडर की पहचान कर ली गई है और उसकी गिरफ्तारी के लिए प्रयास तेज कर दिए गए हैं।

पहले भी हो चुके हैं विवाद

जबलपुर रेलवे स्टेशन पर वेंडरों और यात्रियों के बीच विवाद की घटनाएं पहले भी सामने आ चुकी हैं। ताजा घटना के बाद ट्रेन में यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। यात्रियों ने ट्रेनों में अवैध वेंडरों पर सख्ती और सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है।

 

 

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!