Jabalpur News: कुमार शानू के गानों का जुनून बना वजह, युवक ने ट्रेन में खुद को ब्लेड से किया घायल, अस्पताल से भी लगाई छलांग
दानापुर एक्सप्रेस में भेड़ाघाट के पास हुई घटना, युवक बोला– कुमार शानू के फैंस नाराज हो गए हैं

जबलपुर। मशहूर गायक कुमार शानू के गानों का जुनून एक युवक पर इस कदर हावी हो गया कि उसने ट्रेन में खुद को गंभीर रूप से घायल कर लिया। घटना दानापुर एक्सप्रेस में उस समय हुई, जब ट्रेन भेड़ाघाट के पास से गुजर रही थी।
घायल युवक की पहचान प्रमोद मांझी (38 वर्ष) निवासी छपरा, बिहार के रूप में हुई है। वह शनिवार को नागपुर से बिहार अपने साले रवि के साथ यात्रा कर रहा था। ट्रेन में सफर के दौरान प्रमोद बाथरूम गया और काफी देर तक बाहर नहीं आया। संदेह होने पर साले रवि ने जाकर देखा तो प्रमोद खून से लथपथ हालत में पड़ा था।
बताया गया कि प्रमोद ने ब्लेड से अपने हाथ, गले और सीने पर वार कर लिए थे। घटना की सूचना मिलते ही जबलपुर स्टेशन पर जीआरपी की मदद से उसे उतारकर जिला अस्पताल लाया गया। हालत गंभीर होने पर उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया।
पूछताछ में किया चौंकाने वाला खुलासा
जीआरपी थाना प्रभारी संजीवनी सिंह राजपूत ने बताया कि पूछताछ के दौरान प्रमोद ने कहा कि वह गायक कुमार शानू का बड़ा फैन है और लगातार उनके गाने सुनता रहता है। उसने यह भी बताया कि कुमार शानू के कुछ फैंस उससे नाराज हो गए हैं, जिससे वह मानसिक रूप से काफी परेशान था।
इलाज के दौरान अस्पताल से भी लगाई छलांग
इलाज के दौरान प्रमोद ने बाथरूम जाने की बात कही। पुलिस और परिजन उसे लेकर वहां पहुंचे, लेकिन उसने अंदर से दरवाजा बंद कर लिया और अस्पताल के फर्स्ट फ्लोर से छलांग लगा दी। सौभाग्य से वह नीचे टीन शेड पर गिरा, जिससे ज्यादा गंभीर चोट नहीं आई। इसके बाद उसे दोबारा आईसीयू में भर्ती कराया गया।
मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी
साले रवि ने बताया कि प्रमोद नागपुर में प्राइवेट नौकरी करता है और काम के दौरान लगातार गाने सुनता रहता था। पिछले कुछ दिनों से उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी और वह बातचीत के बीच अचानक कुमार शानू के गाने गाने लगता था।
हालत खतरे से बाहर
जीआरपी थाना प्रभारी संजीवनी सिंह राजपूत ने बताया कि फिलहाल प्रमोद की हालत खतरे से बाहर है। परिजनों को सूचना दे दी गई है और उन्हें बिहार से जबलपुर बुलाया गया है। मामले की जांच जारी है।







