Jabalpur News: डॉक्टर पर युवती ने लगाया यौन शोषण का आरोप, जनसुनवाई में SP को सौंपी शिकायत
जबलपुर में 22 वर्षीय युवती ने डॉक्टर राहुल शुक्ला पर यौन शोषण का आरोप लगाया। पीड़िता ने जनसुनवाई में SP सम्पत उपाध्याय को शिकायत सौंपी, जांच के आदेश जारी।

जबलपुर। जबलपुर में पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई के दौरान सनसनीखेज मामला सामने आया है। कालीमठ, सुदामा नगर निवासी 22 वर्षीय युवती ने स्थानीय डॉक्टर डॉ. राहुल शुक्ला पर यौन शोषण और जबरदस्ती करने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता ने इस संबंध में लिखित शिकायत पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय को सौंपी है और निष्पक्ष जांच की मांग की है।
पीड़िता का आरोप: घर में अकेला पाकर की जबरदस्ती
युवती ने अपनी शिकायत में बताया कि वह पिछले एक साल से डॉ. राहुल शुक्ला के घर खाना बनाने और घरेलू कार्य करने का काम करती थी। डॉ. शुक्ला आशीष हॉस्पिटल में प्रैक्टिस करते हैं और उनका अपना क्लीनिक भी है।
पीड़िता के अनुसार, करीब छह माह पहले डॉक्टर ने उसे घर में अकेला पाकर जबरदस्ती करने की कोशिश की, लेकिन उसी वक्त उसकी मां वहां पहुंच गईं, जिससे वह बच गई। कुछ समय बाद सब सामान्य रहा, लेकिन दो माह पहले डॉक्टर ने फिर से वही हरकत की। उस समय उन्होंने माफी मांगकर दोबारा गलती न करने का वादा किया था।
27 अक्टूबर को फिर हुई घटना, मदनमहल थाने पर लगे लापरवाही के आरोप
पीड़िता ने बताया कि 27 अक्टूबर 2025 की शाम करीब 5 बजे जब वह डॉक्टर के घर रसोई में काम कर रही थी, तभी डॉक्टर ने उसका हाथ पकड़कर जबरन अपने कमरे में ले जाने की कोशिश की। विरोध करने पर वह किसी तरह भागकर घर पहुंची और मां को पूरी बात बताई।
अगले दिन मां-बेटी ने मदनमहल थाने पहुंचकर शिकायत की, लेकिन वहां से कार्रवाई न होने का आरोप लगाया गया। पीड़िता का कहना है कि डॉक्टर ने इसके बाद 28 अक्टूबर को उन्हें झूठे चोरी के केस में फंसाने की कोशिश की।
पीड़िता ने मांगी न्याय की गुहार
पीड़िता ने कहा, “मैं एक सामान्य घर की लड़की हूं और लोगों के घरों में काम करके परिवार चलाती हूं। डॉ. राहुल शुक्ला जैसे लोग हम जैसी असहाय लड़कियों की मजबूरी का फायदा उठाते हैं। कृपया उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।”
फिलहाल, पुलिस अधीक्षक कार्यालय ने शिकायत को संज्ञान में लेते हुए संबंधित थाना प्रभारी को जांच के निर्देश दिए हैं।







