Jabalpur News: ऑर्डिनेंस फैक्ट्री में विश्वकर्मा जयंती पर रशियन महिलाओं का डांस, हिंदू सेवा परिषद ने जताई आपत्ति – देखें वीडियो
जबलपुर ऑर्डिनेंस फैक्ट्री में विश्वकर्मा जयंती पर रशियन महिलाओं का डांस वीडियो वायरल, हिंदू सेवा परिषद ने जताई आपत्ति। देखें पूरा मामला और प्रतिक्रियाएं।

जबलपुर। मध्यप्रदेश के जबलपुर स्थित ऑर्डिनेंस फैक्ट्री खमरिया (Ordnance Factory Khamaria) का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में फैक्ट्री के ए-1 सेक्शन में रशियन महिलाएं और भारतीय कर्मचारी फिल्मी गानों पर डांस करते दिखाई दे रहे हैं। यह वीडियो 17 को विश्वकर्मा जयंती के अवसर का बताया जा रहा है।
फैक्ट्री में रशियन महिलाओं का डांस, वीडियो वायरल
वीडियो में “प्यार करने वाले प्यार करते हैं शान से” गाने पर कुछ कर्मचारी और रशियन महिलाएं झूमते नजर आ रहे हैं। यह वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय संगठनों ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है।
हिंदू सेवा परिषद ने जताई आपत्ति
हिंदू सेवा परिषद के प्रदेश अध्यक्ष अतुल जैसवानी ने कहा कि एक रक्षा संस्थान (Defence Establishment) में सनातन धर्म के पर्व पर इस तरह का फिल्मी नृत्य करना अशोभनीय और अनुचित है। उन्होंने इसे “अश्लीलता” बताते हुए विरोध दर्ज कराया और कहा कि परिषद का प्रतिनिधिमंडल जल्द ही रक्षा अधिकारियों से भेंट करेगा और जांच की मांग करेगा।
पूर्व कर्मचारी बोले – वर्षों पुरानी परंपरा
वहीं, फैक्ट्री के पूर्व कर्मचारी और जेसीओ सदस्य अरुण दुबे ने बताया कि यह आयोजन कई वर्षों से चली आ रही परंपरा का हिस्सा है।
उन्होंने कहा –
“विश्वकर्मा जयंती के दिन फैक्ट्री के हर सेक्शन में पूजा की जाती है और झांकियां सजाई जाती हैं। इस दिन औजारों का उपयोग नहीं होता, इसलिए कर्मचारी थोड़ी देर के लिए मनोरंजन करते हैं। उसी दौरान रूस से आई महिला ट्रेनर्स ने संगीत पर कुछ देर नृत्य किया, जिसे बेवजह विवाद का रूप दिया जा रहा है।”
अरुण दुबे ने यह भी बताया कि यह वीडियो फैक्ट्री के ही किसी कर्मचारी ने मोबाइल से बनाकर वायरल किया है। फिलहाल फैक्ट्री प्रबंधन ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।